शहडोल. मंगलवार को राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त किए जाने पर जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध दर्ज कराया। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संध्या सिंह के नेतृत्व में बड़ी तादाद में महिलाएं गांधी चौक में एकत्रित होकर केन्द्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। महिला कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना था कि केन्द्र सरकार तानाशाही पूर्ण रवैया अपना रही है। देश की जनता का धन लूटकर विदेश भागे ठगों के खिलाफ बोलने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी गई, महिला कांग्रेस इसका विरोध करती है। भाजपा सरकार के खिलाफ सडक़ पर उतरी महिला कांग्रेस ने केन्द्र सरकार का पुतला दहन करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस वप महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर खींचतान हुई। इस खींचतान में पुलिस ने पुतला छीन लिया। काफी समय तक पुलिस कर्मी व महिला कांग्रेस के बीच पुतला दहन को लेकर बहस चलती रही। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस से सायरा बानो, उमा धुर्वे, रेणुका शुक्ला, सुष्मिता सिंह, रजनी गुप्ता, आरती, रुबीना, नेहा खान एवं बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।