
धान खरीदी के पहले दिन उपार्जन केंन्द्रों में पसरा सन्नाटा, एक भी किसान नहीं पहुंचे उपार्जन केन्द्र
शहडोल. किसानों से धान खरीदी के लिए समुचित व्यवस्था के दावों के बीच पहले दिन ही मुख्यालय के केन्द्र में ही अव्यवस्था की स्थिति देखने मिली। दोपहर तक इन केंद्रो में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी जिससे कि कोई किसान पहुंचे तो उससे धन खरीदी की जा सके। बारिश के बाद पूरा केन्द्र दल-दल में तब्दील है। किसानों को उनकी उपज रखने के लिए कहीं जगह ही नहीं है। भारी वाहनों के आवागमन की वजह से पूरे परिसर में बड़-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिला मुख्यालय के गोरतरा गोदाम में सोहागपुर और मझगवां व गोदाम नंबर 13 में सिंहपुर सहकारी समिति की धान खरीदी की व्यवस्था बनाई गई है। इन तीनों ही केन्द्रो में सन्नाटा पसरा रहा।
स्लॉट बुकिंग के बाद नहीं पहुंचे किसान
खरीदी के पहले दिन शुक्रवार को जिले के 1377 किसानों ने धान बिक्री के लिए स्लॉट बुकिंग कराई थी। इनमें से कोई भी किसान खरीदी केंद्र नहीं पहुंचा। हालांकि केंद्रों में पहले दिन ऐसी कोई व्यवस्था भी देखने नहीं मिली जिससे कि कोई किसान आए तो उससे धान खरीदी की जा सके। पहले दिन खरीदी न होने का सबसे प्रमुख कारण बिगड़े हुए मौसम व धान गहाई का कार्य पूरा न होने को माना जा रहा है। पिछले चार दिन से आसमान में छाए काले बादलों व रिमझिम बारिश की वजह से धान खराब होने का खतरा बना हुआ है। नमी की वजह से किसानों की धान रिजेक्ट कर दी जाएगी, इसे देखते हुए किसान पहले दिन धान लेकर खरीदी केंद्र नहीं
पहुंचे।
19 जनवरी तक होनी है धान की खरीदी
समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए जिले में 43 खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। धान खरीदी 1 दिसम्बर से 19 जनवरी तक की जानी है। धान कॉमन का समर्थन मूल्य 2183 रुपए प्रति क्विंटल एवं धान ग्रेड ए का समर्थन मूल्य 2203 रुपए निर्धारित किया गया है। जिले के 30 हजार 78 किसानों ने पंजीयन कराया है। धान बिक्री के लिए पंजीकृत किसानों से ही धान खरीदी की जानी है। धान निर्धारित मापदण्ड के अनुसार ही खरीदी जाएगी।
धान खरीदी के लिए 27 हजार से अधिक बारदाने
मझगवां व सोहागपुर धान खरीदी केंद्र में किसानों से धान खरीदी के लिए शुक्रवार को लगभग 27 हजार बारदानें उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से 20 बंडल यानी 10 हजार बारदाने मझगवां व शेष बारदाने सोहागपुर केंद्र को उपलब्ध कराए गए हैं।
वाहनों के आवागमन में भी होगी परेशानी
गोरतरा स्थित स्काई लैण्ड व 13 नंबर गोदाम में तीन धान खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। यहां तक धान लेकर वाहनों से आवागमन भी बड़ा कठिन है। एफसीआई तिराहा से गोदाम के लिए जाने वाला मार्ग पूरी तरह से दल-दल में तब्दील है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढ़ निकल आए हैं। ऐसे में बड़े वाहनों के आवागमन के फंसने का डर बना हुआ है। धान लेकर आने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष भी सडक़ की वजह से समस्या हुई थी। इसे लेकर कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सडक़ निर्माण के निर्देश भी दिए थे, इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
Published on:
02 Dec 2023 12:05 pm
बड़ी खबरें
View Allशहडोल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
