शहडोल. मां कामाख्या देवी दर्शन के लिए सोमवार को जिला मुख्यालय से तीर्थ यात्रियों का दल रवाना हुआ। इस दौरान बड़ी तादाद में भाजपा पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी तीर्थ यात्रियों को रवाना करने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान स्टेशन परिसर में उत्सव सा माहौल देखने मिला। मां कामाख्या दर्शन को लेकर तीर्थयात्रियों में अच्छा खासा उत्साह देखने मिला। सभी तीर्थ यात्रा ढ़ोल नगाड़े की थाप पर थिरकते नजर आए। जिन्हे बड़े ही श्रद्धाभाव के साथ यात्रा के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जयसिंहनगर विधायक जयसिंह मरावी, जैतपुर विधायक मनीषा सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा डोली, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग शिवेन्द्र सिंह परिहार, भाजपा नेता अनिल द्विवेदी, संजीव प्रताप सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
माला पहनाकर किया रवाना
मां कामाख्या देवी दर्शन के लिए सोमवार को जिला मुख्यालय से 350 तीर्थयात्री रवाना हुए। जिनकी देखरेख के लिए 7 अनुरक्षक भी रवाना हुए हैं। इसके पूर्व सभी तीर्थयात्रियों को भोजन व पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बनाकर माला पहनाकर गंतव्य के लिए स्पेशल ट्रेन से रवाना किया गया। इसके पूर्व रेलवे स्टेशन परिसर ढोल नगाड़ो की आवाज से गूंज उठा। तीर्थ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में इतना उत्साह था कि सभी ढ़ोल नगाड़े की थाप पर नृत्य करते नजर आए।
1161 लोगों ने किया था आवेदन
उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग शिवेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि तीर्थदर्शन योजना के तहत मां कामाख्या देवी दर्शन के लिए जिले से 1161 लोगों ने आवेदन किया था। आवेदनों की जांच के दौरान लगभग 750 आवेदन सही पाए गए थे। आवेदनो के रेण्डमाइजेशन के बाद कुल 350 लोगों का चयन यात्रा के लिए किया गया। जो आवेदन शेष बचे हैं उन्हे अप्रेल में तीर्थदर्शन के लिए भेजा जाएगा।