
शाहजहांपुर। जहांं एक तरफ वन्य जीवों को बचाने के लिए सरकार शिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात करती है। वहीं वन विभाग की लापरवाही के चलते शाहजहांपुर में वन्य जीवों का अस्तित्व ही ख़त्म होता दिखाई पड़ रहा है। शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के नवीपुर पट्टी में आज खेत में हिरण का शव पड़ा मिला। शव पर काफी चोट के निशान मौजूद थे ग्रामीणों की मानें तो शिकारियों द्वारा हिरण का शिकार किया गया है। वहींं सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
लापरवाह वन विभाग अधिकारी
वन विभाग कर्मचरियों के अनुसार, थाना क्षेत्र के मोहल्ला नवीपुर पट्टी पश्चिमी में मंगलवार सुबह क्षेत्रीय लोगों ने सेवाराम के खेत के पास लगे यूकेलिप्टिस के बाग में हिरण का शव पड़ा देखा। शव पर जख्मों के निशान थे। जिसकी सूचना पुलिस और वन विभाग की टीम को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग टीम ने लोगों से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
गांव के राजकुमार, अनिल के अनुसार, रात में किसी समय शिकारियों द्वारा शिकार खेलते समय हिरण को गोली मारी गई लेकिन हिरन जख्मी हालत में मौके से भाग खड़ा हुआ और बाग में आकर गिर गया जहां उसकी मौत हो गई। हिरण की मौत के बाद जंगली कुत्तों ने भी शव को खाने की कोशिश की। आप को बता दें कि इससे पहले यहां कई हिरण शिकार हो चुके हैं। शिकारी शिकार करने के बाद उनके सींघोंं को काट लेते हैं।
हिरन का होगा पोटमार्टम
हिरण का पोस्टमार्टम करने वाले पशु चिकित्साधिकारी गया प्रसाद ने बताया हिरन कि उम्र लगभग डेढ़ साल है। प्रथम दृष्टया जख्मों को देख कर ऐसा लग रहा है कि जंगली कुत्तों ने घेर लिया और हमला कर दिया जिसके कारण उसकी मौत हो गई होगी। मौत होने के वास्तविक कारणों का असली पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल पायेगा।
Published on:
2 May 2018, 3:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.