
सात फेरे लेकर एक-दूजे के हुए 45 नवयुगल, मतदान की भी ली शपथ
शाजापुर.
सोमवार को शुभ मुहूर्त में राठौर समाज द्वारा अपने समाज के युवक-युवतियों के सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया। जिसमें जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों और नगर के 45 युवक-युवतियों का विवाह विधि-विधान से संपन्न करवाया गया। विवाह सूत्र में तो दुल्हा-दुल्हन बंधने जा रहे थे, लेकिन उनसे कहीं ज्यादा उत्साह दिखाई दे रहा था उनके परिजनों में और इस आयोजन में भागीदारी निभाने आए समाजजनों तथा आयोजकों में। जो अल सुबह से आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए थे।
वैवाहिक रीति के दौरान जैसे ही दुल्हा-दुल्हनों ने सात फेरे पूरे किए उनके साथ आए परिजनों का उत्साह देखते ही बनता था। इसके बाद परंपरानुसार उन्हें गृहस्थी का सामान और अन्य सामग्री भेंट की गई। सोमवार को दुपाड़ा रोड स्थित चिमनलाल जैन की बावड़ी में हुए समाज के आठवें सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह सम्मेलन में समाज अध्यक्ष अनोखीलाल राठौर, सत्येंद्र राठौर, सुरेश राठौर, मानसिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे जिन्होंने दुल्हा-दूल्हरों को सुखी नवजीवन का आशीर्वाद दिया।
समाज में बढ़े सहयोग की भावना
इन दिनों शादी-ब्याह की धूम मची हुई है। अनेकों घरों में शादी की शहनाईयां गूंज रही है। ऐसे में विभिन्न समाज द्वारा सम्मेलनों के आयोजन भी किए जा रहे हैं। समाज के अध्यक्ष अनोखीलाल राठौर ने बताया कि समाजजनों द्वारा यह आठवां सामूहिक विवाह सम्मेलन था जो हर बार की तरह इस बार भी विधि-विधान और उत्साह के माहौल में आयोजित हुआ। उन्होंने बताया कि समाजजनों द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन इसलिए किया जाता है ताकि समाज में सहयोग की भावना बढ़ सके और आने वाली पीढिय़ों के सामने भी हम फिजूल खर्ची के बजाए इस प्रकार के विवाह सम्मेलन आयोजित करने की प्रेरणा दे सके। जिसके चलते पिछले आठ वर्षों से इस प्रकार का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
मतदान का लिया संकल्प
राठौर समाज के आठवें सामूहिक विवाह सम्मेलन में दूल्हा-दूल्हन ने सात वचन के साथ एक वचन और लिया और वह था मतदान का वचन। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी भी इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में पहुंचे थे और उन्होंने परिणय सूत्र में बंधने जा रहे दुल्हा-दुल्हनों को मतदान का भी वचन दिलाया। साथ ही उनके साथ आए परिजनों को भी मतदान की शपथ दिलवाई। इस पर वहां मौजूद समाजजनों सहित दूल्हा-दुल्हन के परिजनों ने भी 19 मई को लोकसभा निर्वाचन में अपने मताधिकार का संकल्प लिया।
Updated on:
22 Apr 2019, 8:26 PM IST
Published on:
22 Apr 2019, 8:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.