
लू को लेकर प्रशासन अलर्ट : राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन ने जारी की चेतावनी
शाजापुर.
बीते एक सप्ताह से लगातार तापमान में इजाफा हो रहा है। मंगलवार को तापमान 42 डिग्री पर पहुंच गया है। अब दिन में लू की लपटे चलने लगी है। आगामी दिनों में तापमान में और अधिक इजाफा होने की संभावना मौसम विभाग जता रहा है। अप्रैल एवं मई माह के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा दी गई चेतावनी के अनुसार प्रदेश के अधिकांश भागों में लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। जनसमुदाय को लू के प्रकोप से बचाव के लिए सुझाव तथा निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्रीकांत बनोठ द्वारा जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों तथा सभी विभागों के जिला अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है।
आमजन को लू से बचाने के लिए व्यवस्था
कलेक्टर बनोठ ने समस्त जिला प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि लू से बचाव के संबंध में जिला स्तर पर जनजागृति कार्यक्रमों का आयोजन करें। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग सार्वजनिक स्थलों जैसे बाजारों, प्रमुख कार्यालयों आदि को चिन्हित कर इन स्थानों में लू से बचाव के लिए पर्याप्त छायादार स्थल शेड की व्यवस्था करें ताकि जनसामान्य इन स्थलों पर लू से अपना बचाव कर पाएं। इन चिन्हित स्थलों पर लू से बचाव के प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट-एड बॉक्स भी रखें। स्थानीय स्वयं सेवी संगठनों से विचार विमर्श कर आवश्यकतानुसार इन स्थलों पर वॉलंटियर की तैनाती भी की जा सकती है जो आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार करने में सक्षम हो। चिन्हित स्थलों पर शीतल जल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चत की जाए साथ ही यह भी सुनिश्चत किया जाए कि पेयजल श्रोत में पीने के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो। इस कार्य की निगरानी के लिए नगरपालिका, नगरपंचायत के कर्मियों की क्षेत्रवार जिम्मेदारी निर्धारित की जाए।
स्कूलों का समय सुबह ७ से १२ बजे तक
स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी स्कूल तथा शैक्षणिक संस्थाओं का कार्य समय प्रात: 7 से 12 बजे तक किया जाए। शैक्षणिक संस्थाओं के क्लास रूम को शीतल रखने की व्यवस्था, छायादार स्थानों, शीतल पेयजल, आपातकालीन सेवा आदि की व्ययवस्था की जाए।
तैयार रखे १०८ एम्बुलेंस
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिले में स्थित सभी शासकीय अस्पतालों में लू से बचाव के इलाज के लिए विशिष्ट कार्य योजना बनाए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। लू से बचाव के लिए जन सामान्य द्वारा अपनाए जाने वाले उपाय से संबंधित सुझाव को जिले के सभी अस्पतालों के बाहर लिखकर प्रदर्शित करें। सार्वजनिक स्थलों पर एंबुलेंस-108 को विशेषकर दोपहर में तैयारी की स्थिति में रखें ताकि किसी व्यक्ति को लू लगने पर उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्रदान की जा सके। वन विभाग द्वारा सार्वजनिक स्थलों में पर्याप्त वृक्षारोपण सुनिश्चित करें तथा जंगली पशुओं तथा पक्षियों के लिए जंगल में पर्याप्त जल की व्यवस्था करें। वन अग्नि को रोकने के लिए लगातार निगरानी सुनिश्चत की जाए। पर्यटन विभाग पर्यटकों के लिए लू संबंधी चेतावनी जारी करने की व्यवस्था करें। परिवहन विभाग बस स्टैंड आदि सार्वजनिक वाहन स्थलों पर भी फर्स्ट-एड बॉक्स की व्यवस्था, पर्याप्त छाया की व्यवस्था तथा शीतल जल की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया है।
Updated on:
23 Apr 2019, 9:17 PM IST
Published on:
23 Apr 2019, 9:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.