शहर में दशहरा पर्व को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह है। बाजार में पर्व को लेकर खरीददारी का दौर भी शुरू हो गया है। शहर के स्टेडियम मैदान में 22 अक्टूबर को रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति सदस्य भी पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं। हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष रामू सर्राफ, सचिव रमेश कसेरा, प्रवक्ता मनीष सोनी, दशहरा उत्सव समिति अध्यक्ष वीरेंद्र व्यास, सचिव गोपाल राजपूत सहित विभिन्न पदाधिकारी व सदस्य दशहरा पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं। स्टेडियम मैदान पर पवन सहित उनकी टीम पुतला निर्माण में दो सप्ताह से जुटी है। उन्होंने बताया पुतले का निर्माण पूरा कर लिया है। मंगलवार तक इसे खड़ा कर दिया जाएगा। पुतले की दसों मुंह की मूंछें अलग-अलग तरह की दिखाई देंगी। रावण हाथ में तलवार व ढाल लिए होगा।