27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मंदिर में चोरी का खुलासा, पुलिस टीम का हुआ सम्मान

दानपेटी चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, राशि बरामद

2 min read
Google source verification
तेजी से कार्रवाई कर पुलिस ने सुलझाया मामला

बेरछा. 13 मार्च को रेलवे स्टेशन के समीप स्थित मां प्रभावेश्वरी माता मंदिर में दानपेटी का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया। फरियादी महावीर जैन की रिपोर्ट पर बेरछा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। धार्मिक स्थल पर हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। इस मामले में चोरी गई राशि का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया गया, जिससे स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, आरोपी गिरफ्तार

घटना के अनुसार 13 मार्च की सुबह करीब 4:15 से 4:40 बजे के बीच अज्ञात चोर ने मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर लगभग 25 से 30 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए थे। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की गतिविधियां कैद हो गई थीं, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। बेरछा एसडीओपी डॉ. नागेंद्र प्रतापसिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भरतसिंह किरार ने विशेष टीम गठित कर लगातार पड़ताल की। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी परमाल सिंह (41) निवासी गेलोन, थाना आरोन, जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 21 हजार 600 रुपए बरामद किए गए, जिन्हें न्यायालय के आदेश के बाद मंदिर समिति को सौंप दिया गया।

पुलिस की सराहना, सम्मान समारोह आयोजित

मामले के सफल खुलासे और बरामदगी के बाद शुक्रवार शाम को मंदिर समिति, नगर विकास समिति एवं वरिष्ठ नागरिकों द्वारा बेरछा थाना प्रभारी भरतसिंह किरार और उनकी टीम का साफा एवं पुष्पमालाओं से स्वागत कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया।