इंदौर जोन में बड़े भूकंप की आशंका, जानने के लिए आएंगे बड़े वैज्ञानिक

इंदौर झोन के कुछ जिलों में भूकंप संभावित क्षेत्र की अटकले पूर्व में सामने आ चुकी हैं। आधुनिक उपकरणों से लैस हैदराबाद का दल आ सकता है अगले माह।

2 min read
Mar 19, 2016
patrika

शिवपालसिंह @ शाजापुर
जिले भर में पहली बार भू-गर्भीय गतिविधियों को जांचा जाएगा। इसके लिए हैदराबाद से केंद्रीय वैज्ञानिकों का दल शाजापुर पहुंचेगा, जो आधुनिक उपकरणों से यह जानकारी जुटाएगा कि क्षेत्र में भूकंप को लेकर क्या आशंकाएं हैं। उल्लेखनीय है कि इंदौर झोन के कुछ जिलों में भूकंप संभावित क्षेत्र की अटकले पूर्व में सामने आ चुकी हैं।

जिले भर में भू-गर्भीय जानकारी जुटाने के लिए कोई सतर्कता नहीं देखी गई। पहली बार कलेक्टर राजीव शर्मा ने इस क्षेत्र में हैदराबाद के वैज्ञानिकों से संपर्क किया और यहां परीक्षण की बात की। वैज्ञानिकों के दल ने भी शाजापुर आकर यहां की भू-गर्भीय हलचल को जांचने के संबंध में स्वीकृति दे दी है। संभवत: अप्रैल में वैज्ञानिकों का दल शाजापुर पहुंचकर यहां की स्थिति का जायजा लेगा।


क्या है भू-विज्ञान
भू-विज्ञान या जियोलॉजी से पृथ्वी का निर्माण करने वाली संरचनाओं एवं उन प्रक्रियाओं का अध्ययन किया जाता है। इसके अंतर्गत पृथ्वी संबंधी खनिज, भू-गर्भ, भू-मापन, खनन इंजीनियरिंग, आदि शामिल रहते हैं। भू-विज्ञान उन प्रक्रियाओं की विवचेना करता है, जो चिरंतनकाल से भू-गर्भ में होती चली आ रही है। जिनके कारण भूपृष्ठ निरंतर रूप से परिवर्तित होता रहता है। परीक्षण के अंतर्गत पृथ्वी की आयु, भू-गर्भ ज्वालामुखी, क्रिया, भू-संचलन, भूकंप, जलवायु परिवर्तन आदि शामिल है।


अत्याधुनिक उपकरण से करेंगे परीक्षण
पहली बार जिले में आने वाले भू-गर्भीय वैज्ञानिक अत्याधुनिक उपकरणों से जमीन की हलचल का पता लगाएंगे। सेंसर एवं अन्य साधनों से जिले की भूमि में होने वाली सभी हलचलों का परीक्षण किया जाएगा। वैज्ञानिक जिले में प्राकृतिक चुंबकत्व का स्तर भी जांचेंगे। साथ ही अन्य गतिविधियों के स्तर की भी जांच की जाएगी। जिले में लगभग आधा दर्जन स्थानों पर वैज्ञानिक भू-गर्भीय परीक्षण करेंगे।


आपदा से पूर्व मिलेगी जानकारी
जानकारी के अनुसार भू-गर्भीय जानकारी जुटाने के बाद जिले की भूमि में होने वाली प्रत्येक हलचल की जानकारी पहले ही जुटाई जा सकेगी। साथ ही यदि कोई आपदा की आशंका होती है तो उसकी जानकारी भी पूर्व से ही मिल जाएगी। खास बात यह है कि वैज्ञानिक यहां की मिट्टी का भी पूर्ण परीक्षण करके विभिन्न जानकारियां जुटाएंगे। साथ ही अतीत की जानकारी भी इससे सामने आ सकेगी।


शाजापुर जिले में अभी तक भू-गर्भीय जांच नहीं हुई है। जिले की धरती के अंदर की हलचल के लिए यह पहला प्रयास किया जा रहा है। जिले की भू-गर्भीय गतिविधियों का परीक्षण आधुनिक उच्च क्षमता के उपकरणों से लैस हैदराबाद के वैज्ञानिक दल द्वारा किया जाएगा। वैज्ञानिकों की जांच में भूकंप व जमीन की अन्य हलचलों के साथ ही मिट्टी के परीक्षण की रिपोर्ट भी मिलेगी।
- राजीव शर्मा, कलेक्टर शाजापुर
Published on:
19 Mar 2016 09:09 am
Also Read
View All

अगली खबर