
दादावाड़ी धाम की पांचवी वर्षगांठ पर हुआ शांतिनाथ महापूजन
शाजापुर.
नगर की ओसवालसेरी स्थित अतिप्राचीन व चमत्कारी दादावाड़ी के जीर्णोद्धार की पांचवी वर्षगांठ के शुभ अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय ध्वजारोहण कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार दोपहर 2 बजे श्रीशांतिनाथ महापूजन आयोजित हुई। वहीं रात्रि में ऑल इंडिया टेलेंट सुपर स्टार फाइनालिस्ट अरिहंत कांकरिया ब्यावर राजस्थान ने सुमधुर भजनों के साथ की गई गुरूभक्ति ने समाजजनों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सोमवार को नगर में विशाल चलसमारोह निकालकर दादावाड़ी के शिखर पर धर्मध्वजा चढ़ाई जाएगी।
जैनसाध्वी अनुभवश्रीजी की सुशिष्या, सुप्रसिद्ध व्याख्यात्री हेमप्रभाश्रीजी की सुशिष्या कल्पलताश्रीजी, शिलांजनाश्रीजी, अर्हमनिधिश्रीजी आदि ठाणा के पावन सानिध्य तथा शासन रत्न मनोजकुमार बाबुमल हरण की विशेष उपस्थिति में आयोजित किए जा रहे इस तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत शनिवार को अष्टापद महातीर्थ की भावयात्रा के साथ हुई। इस दौरान भाविक मेहता अहमदाबाद गुजरात ने समाजजनों को विधिविधानपूर्वक धार्मिक क्रिया करवाई। महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को दोपहर में भगवान शांतिनाथ की महापूजन तथा रात्रि के समय रंगारंग गुरुभक्ति की गई। महोत्सव के तीसरे व मुख्य दिवस सोमवार सुबह 9 बजे जैन उपाश्रय से ध्वजारोहण का विशाल वरघोड़ा निकाला जाएगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ दादावाड़ी पहुंचकर संपन्न होगा। इसके उपरांत 10:30 बजे दादा गुरुदेव की महापूजा प्रारंभ होगी। तत्पश्चात् अपराह्न 12:39 बजे विजय मुहूर्त में लाभार्थी भंसाली परिवार के सदस्यों की ओर से दादावाड़ी के शिखर पर धर्म ध्वजारोहण किया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मंत्री पारस जैन तथा शुजालपुर विधायक इंदरसिंह परमार भी शामिल होंगे।
मुंबई के भजन गायक देेंगे प्रस्तुति
महोत्सव के मुख्य दिवस दिनभर होने वाले धार्मिक आयोजनों के बाद शाम 7:30 बजे दादावाड़ी में रंगारंग गुरुभक्ति एवं महाआरती के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा। इसमें मुंबई महाराष्ट्र से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक नरेंद्र सालेचा सुमधुर संगीत के साथ गुरुभजनों की प्रस्तुतियां देंगे। लाभार्थी भंसाली परिवार ने सभी समाजजनों से समस्त कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित करने का अनुरोध किया है।
Published on:
21 Apr 2019, 9:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.