
Haridwar,Kalash Yatra,gayatri pariwar,shajapur,Gayatri Shaktipeeth,
शाजापुर. नगर में गुरुवार को स्थानीय ओंकारेश्वर महादेव मंदिर से गायत्री शक्तिपीठ पर आयोजित होने वाले 24 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। आयोजन से पूरा शहर धर्ममय नजर आया। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन एवं ऋषियुग्म पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, माता भगवतीदेवी शर्मा के दिव्य संरक्षण में स्थानीय स्टेशन रोड स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर महायज्ञ में शुक्रवार से आहुतियां डाली जाएंगी।
महादेव मंदिर से आरंभ हुई कलश यात्रा
धानमंडी स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच गई। इसके बाद सभी महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण किया और बैंड पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर ध्वज पताकाओं के साथ विशाल कलश यात्रा की शुरुआत हुई। 3 फरवरी तक चलने वाले 24 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ के लिए निकाली गई कलश यात्रा नगर के किला रोड, आजाद चौक, नई सड़क, कृष्ण टाकीज, नाग-नागनी रोड, सोमवारिया बाजार, कंस चौराहा, कुम्हारघाटी से महुपुरा होते हुए गायत्री शक्तिपीठ पर पहुंची।
संगीतमय कलश यात्रा की उतारी आरती
यहां पर शांतिकुंज हरिद्वार से यज्ञ कराने आई टोली के नायक नरेंद्र विद्यार्थी व सदस्यगण हरिशंकर आचार्य, शंभूशरण पांडे, मनोहर तांडी, दिनेश पाल ने संगीतमय कलश यात्रा की आरती करवाई। यहां आयोजित धर्मसभा को संबांधित करते हुए नरेंद्र विद्यार्थी ने कहा कि कलश विश्व ब्रह्मांड का प्रतीक है। इसमें तैंतीस कोटी देवताओं का वास माना गया है। प्राचीनकाल में महिलाओं का सम्मान होता था। इसके कारण भारत जगत गुरु माना जाता था आज पुन: भारत नारी शक्ति के रूप में उभर रहा है।
पीले वस्त्र पहनकर शामिल हुए महिला-पुरुष
शहर में निकाली गई कलश यात्रा में सभी महिलाएं और पुरुष पीले वस्त्र पहने हुए थे। गायत्री परिवार के सदस्यों की सुरक्षा एवं अनुशासन पूर्ण तरीके से कलश यात्रा को संपन्न कराया। पूरे नगर में दर्जनों स्थानों पर कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
ध्वजारोहण कर प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ
कलश यात्रा शक्तिपीठ पहुंचने के पश्चात धर्मसभा स्थल पर ध्वजारोहण कर प्रदर्शनी का शुभांरभ किया गया। इसमें महापुरुषों के होर्डिग्स लगे हुए हैं। इसी परिसर में गायत्री परिवार के साहित्य अन्य धार्मिक कार्य में उपयोगी सामग्री के स्टॉल भी लगाए गए हैं।
स्वच्छता का दिया संदेश
कलश यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत करने के दौरान पानी के पाउच, डिस्पोजल एवं प्रसाद की सामग्री सड़क पर बिखर रही थी। इस बिखरी हुई सामग्री को यात्रा के साथ चल रहे गायत्री परिवार के सदस्यों ने तत्काल उठाते हुए डस्टबीन में डालकर स्वच्छता का संदेश दिया। ऐसे में जिस भी मार्ग से यात्रा निकली, वहां पर कचरा नजर नहीं आया। कलश यात्रा में गायत्री परिवार के वरिष्ठ सदस्य विमलादेवी शर्मा, पूर्व विधायक शकुंतला चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लीलादेवी परमार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिकरवार, पार्वती पाटीदार, चंदा शर्मा, रामशिरोमणी यादव, राजनारायण चौहान, चंद्रप्रकाश मंडलोई, सुरेश शर्मा, बीपी लेवे, चतुर्भूज पुष्पद, राघवेंद्र यादव, अशोक सलोकिया, प्रदीप जायसवाल, राजीव सक्सेना, अर्जुनसिंह सेंधव, सीमा शर्मा, गायत्री शर्मा, सपना मिश्रा, कौशल सेंधव, बेबी चौधरी, रेणू शर्मा सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने किया तथा आभार प्रमुख ट्रस्टी हरीश शर्मा ने माना।
प्रतिदिन नि:शुल्क होंगे आयोजन
24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में प्रतिदिन सामूहिक जप, ध्यान व प्रज्ञायोग सहित विभिन्न प्रकार के संस्कार आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ 1 फरवरी को कार्यकर्ता गोष्ठी, वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन, युग संगीत व प्रवचन, 2 फरवरी को यज्ञ के पश्चात नारी सशक्तिकरण सम्मेलन, दीपयज्ञ व अंतिम दिवस 3 फरवरी को यज्ञ की पूर्णाहुति, स्वैच्छिक रकतदान के साथ देव विसर्जन व विदाई कार्यक्रम आयोजित होगा।
Published on:
31 Jan 2019 08:20 pm

बड़ी खबरें
View Allशाजापुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
