
अनोखी शादी : शादी के कार्ड पर छपवाई मतदान की अपील, महिला संगीत की जगह किया दीपयज्ञ
शाजापुर.
अमूमन लोग खर्चीली शादी करना, डीजे बजाना और रात में धूमधाम से शादी करने का सपना देखते हैं, लेकिन शहर के एक युवक ने अपनी शादी से जागरुकता लाने का प्रयास किया है। शाजापुर के कार्ड पर मतदान अवश्य करने की अपील को छपवाया है। साथ ही डिस्पोजल का प्रयोग न करने की भी अपील की। यही नहीं युवक ने दहेज में अपने ससुराल वालों से भी केवल खर्चीली शादी न करते हुए दिन में शादी करने का अनुरोध किया। जिसे सभी ने स्वीकार भी किया। इनकी बारात 7 मई को रवाना होगी और रोशनी की सजावट के बजाए दिन में ही ये अपनी जीवन संगिनी के साथ सात फेरे लेकर एक सुखद वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं। परिवार की इस पहल पर प्रशासन ने भी प्रशंसा की और वैवाहिक आयोजन में पहुंचकर दूल्हे सहित आयोजक परिवार और शादी में आए उनके रिश्तेदारों को मतदान की शपथ दिलवाई।
हम बात कर रहे हैं शहर के रहने वाले प्रदीप जायसवाल की, जो अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ जायसवाल गायत्री परिवार से भी जुड़े हुए हैं। 7 मई को इनकी बारात रवाना होगी। लेकिन शादी के निमंत्रण निमंत्रण कार्ड पर जायसवाल ने मतदान करने की अपील की है, साथ ही कार्ड बांटने वालों से भी कहा कि वे जहां भी जाएं सभी से कहें कि वे शादी में आने के साथ-साथ अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करें। जायसवाल परिवार की इस पहल का न सिर्फ रिश्तेदारों पर असर हुआ बल्कि प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी इससे बल मिला है।
गायत्री परिवार से जुडऩे से मिली प्रेरणा
7 मई को परिणय सूत्र में बंधने जा रहे प्रदीप जायसवाल गायत्री शक्तिपीठ में जिला युवा प्रकोष्ठ प्रभारी भी हैं और यहां आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में इनकी भागीदारी रहती है। उन्होंने शादी के कार्ड में मतदान के साथ ही डिस्पोजल का प्रयोग न करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने का संदेश भी दिया है।
फिल्मी गीतों के बजाए गूंजेंगे मां गायत्री के जयकारे
शादियों में इन दिनों महिला संगीत का भी चलन बढ़ गया है, लेकिन जायसवाल परिवार द्वारा महिला संगीत के बजाए दीपयज्ञ का आयोजन किया गया है। प्रदीप जायसवाल ने बताया कि हमारे यहां सभी कार्यक्रम रीति-रिवाज से होंगे और महिला संगीत के बजाए हमारे यहां दीपयज्ञ का आयोजन किया जाएगा। जहां गायत्री परिवार के लोग एकत्रित होकर दीपयज्ञ का आयोजन कर वर-वधु और परिजनों के लिए मां गायत्री से मंगल कामनाएं करेंगे। प्रदीप जायसवाल ने बताया कि जितने लोग समाज सुधार कर सकते हैं यदि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तो ही हम आगे बढ़ सकेंगे। इसके लिए उन्होंने अपने ससुराल वालों से निवेदन किया कि रात में होने वाली खर्चीली शादी के बजाए दिन में ही लगन कर करें तो ज्यादा बेहतर होगा।
Updated on:
5 May 2019, 10:16 PM IST
Published on:
5 May 2019, 10:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.