
श्योपुर में बारिश, विजयपुर के एक दर्जन गांवों में ओलावृष्टि
विजयपुर/श्योपुर. पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक दिन की राहत के बाद शनिवार को फिर जिले में मौसम बिगड़ा। जिसके चलते जहां सुबह पूरे जिले में मावठ की बारिश हुई, वहीं शाम के समय विजयपुर ब्लॉक के गसवानी क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक गांवों में ओलावृष्टि हुई, जिससे सरसों की फसल में नुकसान की खबर है।
यूं तो चार दिन से मौसम बिगड़ा हुआ है, लेकिन शुक्रवार को राहत रही। इसके बाद शनिवार की आधी रात से फिर मौसम बिगड़ा और शहर सहित जिले भर में सुबह के समय कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि इसके बाद देापहर में मौसम खुला और धूप भी निकली, लेकिन विजयपुर क्षेत्र में शाम को बिगड़े मौसम के साथ गिरे ओलों ने किसानों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी।
गसवानी क्षेत्र में शाम 5 बजे अचानक बारिश शुरू हुई और इसके साथ ही 5 से 10 मिनट तक ओलावृष्टि हुई, जिससे सरसों की फसल में नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि गसवानी, बड़ौदाकला, कींजरी, मोहनपुर, सिमरई , चकबड़ौदा, चिलवानी, सारंगपुर आदि सहित अन्य गांवों में 10 मिनट तक ओले गिरे।
जिले में हुई 2.6 मिमी बारिश
भू अभिलेख विभाग के मुताबिक शनिवार की सुबह 8 बजे तक की स्थिति में जिले में 2.6 मिमी औसत बारिश हुई। जबकि तहसीलवार स्थिति देखें तो श्योपुर में 1.0, बड़ौदा में 4.0, कराहल में 5.3, विजयपुर में 2.0 और वीरपुर में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
अब तापमान में आएगी तेजी से गिरावट
मौसम विभाग ने बताया कि अब रविवार से मौसम खुल जाएगा और तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
सूचना मिली है कि गसवानी क्षेत्र में ओले गिरे हैं जिसके लिए हमने संबंधित ओला प्रभावित हल्के के पटवारियों को सर्वे के निर्देश दिए हैं । किसानों की फसल के नुकसान का सर्वे कर जानकारी लेंगे।
रेखा कुशवाह, नायब तहसीलदार वृत्त गसवानी
Published on:
08 Jan 2022 10:55 pm

बड़ी खबरें
View Allश्योपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
