
दीवार फोड़कर ढाई लाख नकदी और जेवर समेट ले गए चोर
कराहल/श्योपुर
कराहल थाना क्षेत्र के ग्राम कूंड में बीती रात को एक घर में चोरी की वारदात घटित हो गई। दीवार फोड़कर घर में घुसे चोर ढाई लाख रुपए नगद और ढाई लाख रुपए कीमत का जेवर समेट ले गए। घटना के समय घर के लोग आंगन में सो रहे थे। जिनको घटना का पता सुबह नींद खुलने पर चला। घर के लोगो ने इसकी शिकायत कराहल थाने में दर्ज करवा दी है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की पतारसी में जुट गई है।
ग्राम कूंड निवासी भवानी शंकर पुत्र देवीलाल धाकड़ किसी काम से राजस्थान के केलबाड़ा गया था। जबकि घर पर उसकी पत्नी व पुत्री थी। रात को जब ये लोग आंगन में सो रहे थे,तभी पीछे से दीवार फोड़कर चोर घर में दाखिल हो गए और अलमारी का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपए नकदी और ढाई लाख रुपए कीमत का जेवर ले गए। जेवरो में पायल,करधनी, हाथो के फूल, गले के पेंडल, मंगलसूत्र, तोडिय़ा, कान के बाले शामिल है। घर के लोगों को इस घटना का पता सुबह नींद खुलने पर तब चला,जब उनको घर के अंदर सामान बिखरा और अलमारी का ताला टूटा मिला। भवानी शंकर धाकड़ ने इस घटना की सूचना कराहल थाने में दे दी है।
Published on:
10 Jun 2020 07:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
