
Another 90-Degree Turn Bridge Construction in mp (Patrika.com)
90-Degree Turn Bridge: श्योपुर जिले के मानपुर-ढोढर मार्ग पर निर्माणधीन सीप नदी के ब्रिज (Seep River Bridge) का काम शुरू होने के 32 महीने बाद भी अधूरा पड़ा है और काम कछुआ गति से चल रहा है। विशेष बात यह है कि पुल में मानपुर की साइड में पुल और एप्रोच रोड में 90 डिग्री मोड़ आने की संभावना भी नजर आ रही है। स्थिति ये है कि पुराने एप्रोच रोड से ही पुल का आवागमन जोड़ा गया तो इसमें 90 डिग्री घुमाव आ सकता है। यही वजह है कि क्षेत्र के लोग पुल के लिए नया एप्रोच रोड बनाने की मांग कर रहे हैं। (MP News)
पुल का निर्माण पुराने टूटे पुल और वर्तमान में नीचे के रपटे के बीच के स्थान पर बन रहा है। ऐसे में मानपुर की साइड में पुल का ज्वाइंट का काम रपटे के एप्रोच रोड तक पहुंच रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है कि जिस तरह से अभी काम नजर आ रहा है, उससे साफ नजर आ रहा है कि पुल और एप्रोच रोड के बीच 90 डिग्री का घुमाव आ सकता है।
हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इतना घुमाव नहीं आएगा, बल्कि अभी एलाइनमेंट किया जाना है, जिसके बाद नियमों के मुताबिक ही एप्रोच रोड रहेगा। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के आगे से ही घुमाव दिए जाने के बजाय पहले पुल से सीधा नया एप्रोच रोड बनाया जाए और या तो पेट्रोल पंप के पीछे से होकर मानपुर-ढोढर रोड में जोड़ा जाए या फिर मानपुर-रामेश्वर रोड में ये एप्रोच रोड जुड़े।
मानपुर में सीप नदी के लिए 4 साल पहले पुल स्वीकृत हुआ और फिर इसका भूमि पूजन कराया गया। मानपुर-ढोढ मार्ग पर पुल की लंबाई 300 मीटर की है, जिस पर 10 करोड़ 72 लाख रुपए की लागत आएगी। पुल की चौड़ाई 10 मीटर है और नदी में 7 पिलर खड़े किए गए हैं। निर्माण की स्थिति ये है कि पुल में अभी आधे पर भी स्लैब नहीं डल पाए हैं। यही वजह है कि आगामी 5 महीनों में पुल का काम पूरा होने की संभावना दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है। जिसके कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
इस पुल का काम कंपलीट होने के बाद न केवल मानपुर बल्कि क्षेत्र के आधा सैकड़ा गांवों को लाभ होगा। इसमें जैनी, मानपुर, बालापुरा, काशीपुर, धीरोली, माकड़ौद, हीरापुर, गिरधरपुर, क्यारपुरा, ढोढर, बगदिया, सेमल्दा, गांधीनगर, खिरखिरी आदि सहित अन्य गांवों को लाभ होगा।
मानपुर-ढोढर मार्ग पर सीप नदी का पुराना पुल 3 अगस्त 2021 की बाढ़ में टूट गया था। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मांग के बाद यहां नया पुल स्वीकृत किया गया। हालांकि पुल का निर्माण 25 मई 2023 से चल रहा है, लेकिन उसके बाद 32 महीने यानि लगभग पौने 3 साल बीत जाने के बाद भी पुल अधूरा पड़ा है।
हालांकि विभागीय अधिकारी अब 31 मई 2026 तक पुल निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं, लेकिन पिछले 3 सालों में जिस तरह से कछुआ गति से काम हुआ है, उससे नहीं लगता कि बारिश से पहले काम पूरा हो पाएगा। बताया गया है कि मानपुर की साइड में एक किसान की निजी जमीन का कुछ हिस्सा आ रहा है, उसके मुआवजे का निराकरण भी अभी तक नहीं हो पाया है। (MP News)
90 डिग्री के मोड़ की स्थिति नहीं बनेगी, क्योंकि अभी एप्रोच रोड का एलाइनमेंट होना है, जिसे नियमों के मुताबिक ही किया जाएगा। रही बात पुल निर्माण की तो काम चल रह है और बारिश के सीजन के पहले पूरा हो जाएगा। - भुवना जोशी, एसडीओ, ब्रिज कॉर्पोरेशन ग्वालियर
Published on:
09 Feb 2026 01:06 am
बड़ी खबरें
View Allश्योपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
