
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद महिलाओं को मिलेगा डॉक्टर कक्ष में प्रवेश
श्योपुर,
जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में इलाज के लिए पहुंचने वाली महिलाओं को अब थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही डॉक्टर के कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने मेटरनिटी वार्ड में थर्मल स्क्रीनिंग की प्रक्रिया शुरू करवा दी है। इस दौरान जिस महिला का तापमान ज्यादा मिलेगा,उसे डॉक्टर के कक्ष में प्रवेश न देते हुए सीधे फीवर क्लीनिक पर भेजा जाएगा।
दरअसल जिले मेंकोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है। जिसकारण कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कई तरह के प्रयास किए जा रहे है। इसी क्रम में जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में इलाज के लिए पहुंचने वाली महिलाओं से कोरोना वायरस का संक्रमण न फैले,इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने महिलाओं की थर्मल स्क्रीनिंग करना शुरू करवा दिया है। तापमान ज्यादा मिला तो महिला को भेजा जाएगा फीवर क्लीनिक
मेटरनिटी वार्ड की ओपीडी में डॉक्टर कक्ष के बाहर तैनात महिला सुरक्षा गार्ड, इलाज के लिए आने वाली महिलाओं की थर्मल स्क्रीनिंग कर रही है। इसके बाद ही उनको डॉक्टर के कक्ष में उपचार के लिए प्रवेश दिया जा रहा है। बताया गया है कि स्क्रीनिंग के दौरान जिस महिला तापमान अधिक मिलेगा,उस महिला को डॉक्टर कक्ष में प्रवेश न देते हुए उसे अस्पताल की जनरल ओपीडी में संचालित फीवर क्लीनिक पर चैकअप के लिए भेजा जाएगा। ताकि वह कोरोना पॉजिटिव तो नहीं । डॉक्टरों का कहना है कि जिस व्यक्ति के अंदर कोरोना वायरस का संक्रमण रहता है,उसका तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहता है।
मेटरनिटी वार्ड में टूट रही सोशल डिस्टेंस
यूं तो अस्पताल प्रबंधन मेटरनिटी वार्ड में इलाज के लिए पहुंचने वाली महिलाओं की थर्मल स्क्रीनिंग करा रहा है। मगर यहां सोशल डिस्टेंस के नियमों के पालन को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। जबकि मेटरनिटी वार्ड में महिलाओं की भीड़ के कारण सोशल डिस्टेंस के नियम दिन में कई बार टूट रहे है।
वर्जन
मेटरनिटी वार्ड में महिला मरीजों को थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। ताकि कोरोना का संक्रमण फैलने से रूक सके। सोशल डिस्टेंस के नियमों का पालन कराने की दिशा में भी सुधार करवाएंगे।
डॉ आरबी गोयल
सिविल सर्जन,श्योपुर
Published on:
16 Jun 2020 07:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
