पुराने रिलीव हो गए, नए ने ज्वाइनिंग नहीं दीट्रांसफर के 15 दिन बाद भी जिले के अधिकांश पुलिस थाने प्रभारियों के भरोसे
पुराने रिलीव हो गए, नए ने ज्वाइनिंग नहीं दी
ट्रांसफर के 15 दिन बाद भी जिले के अधिकांश पुलिस थाने प्रभारियों के भरोसे
शिवपुरी। शिवपुरी में पदस्थ रहे 13 टीआई का विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले से बाहर 15 दिन पूर्व ट्रांसफर हो गया। बीते 31 जुलाई को पुलिस अधीक्षक ने उन्हें रिलीव भी कर दिया और वो यहां से रवानगी भी डाल गए, लेकिन उनके बदले आने वाले थाना प्रभारियों ने अभी तक आमद नहीं दी। यही वजह है कि अभी तक जिले के उक्त सभी 13 पुलिस थाने प्रभारियों के भरोसे संचालित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव नजदीक होने की वजह से जिन टीआई को जिले में तीन साल से अधिक समय हो गया था, उन्हें जिले से स्थानांतरित किया गया। इनमें से कोतवाली सहित जिले के 13 थाने इस ट्रांसफर नीति में टीआई विहीन हो गए। चूंकि पुलिस मुख्यालय से 19 जुलाई को जारी की गई ट्रांसफर सूची में शिवपुरी से स्थानांतरित होने वाले टीआई के साथ ही जिले में बाहर से आने वाले टीआई के भी नाम थे। शिवपुरी जिले से स्थानांतरित हुए सभी 13 टीआई बीते 31 जुलाई को रिलीव होकर चले गए। टीआई के जाते ही वहां पदस्थ सब इंस्पेक्टर को थाने का प्रभार दे दिया गया। चूंकि थाना प्रभारी को आने के बाद अपने क्षेत्र को देखने व समझने में समय लगेगा, जबकि विधानसभा चुनाव भी अब नजदीक ही आ गए हैं। नए टीआई जब आमद देंगे तो उन्हें भी अलग-अलग थानों में पदस्थ करने के लिए एसपी को भी स्कूटनी का समय चाहिए, इसलिए नवागतों की देरी से एसपी भी चिंतित हैं।
6 भिंड से, 2 मुरैना से, बाकी अन्य जगह से
ट्रांसफर सूची में टीआई विनय यादव का मुरैना से शिवपुरी, ओमप्रकाश आर्य मुरैना से शिवपुरी, मनोज सिंह राजपूत, उदयभान सिंह यादव, शिवसिंह यादव, नरेंद्र सिंह कुशवाह, केदार सिंह यादव एवं जितेंद्र सिंह मावई को भिंड से शिवपुरी स्थानांतरित किया। वहीं रत्नेश यादव दतिया से शिवपुरी, कमलकिशोर गोयल दतिया से शिवपुरी, नरेंद्र सिंह यादव अशोकनगर से शिवपुरी, रजनी चौहान निबाड़ी से शिवपुरी एवं टीआई अजय प्रताप सिंह का सीहोर से शिवपुरी ट्रांसफर किया गया है।
इन्हें मिली थी शिवपुरी से रवानगी
शिवपुरी जिले से 13 टीआई को दूसरे जिलों में स्थानांतरित किया गया। इनमें सुनील खेमरिया व अमित भदौरिया को मुरैना, मनीष शर्मा अशोकनगर, तिमेश छारी भोपाल, रामसिंह राजौरिया सागर, गब्बर सिंह गुर्जर दतिया, संजय मिश्रा देवास, लालाराम शाक्य ग्वालियर, आलोक भदौरिया ग्वालियर, बलवीर ढिल्लन ग्वालियर, सतीश चौहान गुना, राकेश शर्मा गुना, पूनम सविता को गुना स्थानांतरित किया गया।
टीआई के न आने का यह हो रहा असर
शिवपुरी जिले के कोतवाली, बदरवास, नरवर, पोहरी, खनियांधाना, पिछोर, कोलारस सहित 13 थानों में टीआई के न आने से इन क्षेत्रों में अपराधों के साथ-साथ अवैध कारोबार भी गति पकड़ गए। चूंकि प्रभारी भी यही सोच रहे हैं कि जितने दिन कमान मिली है, कुछ कर ही जाए, वरना बाद में तो फिर सिस्टम से ही चलना पड़ेगा। यही वजह है कि जिले में अवैध उत्खनन-परिवहन व अवैध शराब के कारोबार एकाएक गति पकड़ गए।
बोले एसपी: अभी तक एक ही आए
जिले में जो 13 टीआई स्थानांतरित होकर आने हैं, उनमें से अभी तक केवल एक ही आए हैं। जबकि ट्रांसफर के बाद रिलीव व चार्ज लेने के लिए 7-8 दिन का ही समय मिलता है। हो सकता है कि दो-तीन दिन में सभी आकर ज्वाइनिंग दे दें।
रघुवंश सिंह भदौरिया, एसपी शिवपुरी