
मासूम बालिका की कनपटी पर कट्टा अड़ाकर लूट ले गए ५ लाख का माल
मासूम बालिका की कनपटी पर कट्टा अड़ाकर लूट ले गए ५ लाख का माल
लूटे गए माल में ८ तौले सोना, आधी किलो चांदी व ६० हजार रुपए नकदी शामिल
शिवपुरी। जिले के करैरा अनुविभाग स्थित सीहोर थाना क्षेत्र के ग्राम नरौआ में बीती रात एक किसान के घर में घुसकर अज्ञात चार बदमाशों ने कट्टे की नौंक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया और घर के अलमारी में रखे ८ तौला सोने के जेवरात, आधी किलो चांदी व ६० हजार रुपए नकद लूटकर ले गए। बदमाशों ने डेढ़ माह की मासूम बालिका की कनपटी पर अड़ाकर घटना को अंजाम दिया। बाद में मामले की शिकायत पुलिस में की जिस पर से पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर लूट का केस दर्ज कर लिया है।
नरौआ निवासी नबाब सिंह रावत(७२) बीती रात अपने मकान के आंगन में सो रहे थे। रात करीब १२ बजे चार अज्ञात बदमाश आए और पहले नबाब के सिर पर कट्टा अड़ाकर उसका मुॅह कपड़े से बांध दिया। फिर बदमाश मकान की छत पर गए और वहां सो रही नबाब की बहू व बेटी को भी कब्जे में ले लिया। नबाब की डेढ़ साल की नातिन की कनपटी पर बदमाशों ने कट्टा रखा और अलमारी की चाबी मांगी। मासूम बालिका पर कट्टा अड़ा देखकर घर के सभी लोग डर गए और उन्होने बदमाशों को चाबी दे दी। बदमाशों ने चाबी से अलमारी खोली और उसमें रखे ८ तौला सोने के जेवरात, आधी किलो चांदी के आभूषण सहित ६० हजार रुपए नकद लूटकर ले गए। रात में ही पीडि़त नबाब ने पुलिस में शिकायत की जिस पर से पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर लूट का केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
बॉक्स-
१५ दिनो में लूट की यह तीसरी वारदात
सीहोर थाना अंतर्गत पिछले १५ दिनो में लूट की यह तीसरी वारदात है। अभी दो दिन पूर्व ही एक दंपत्ति से अज्ञात बाइक सवार बदमाश मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात करीब दो लाख रुपए कीमत के लूट कर ले गए थे। उससे पहले भी एक लूट की घटना हुई थी। अब बीती रात बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। बड़ी बात यह है कि बीती रात में लूट की यह वारदात जब हो रही थी, उससे कुछ दूरी पर ही पुलिस रात में गश्त कर रही थी। बदमाशों को पुलिस का कोई डर नही बचा है।
यह बोले प्रभारी
- घर में घुसकर बदमाशों ने लूट की घटना कारित की है। हमने अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज कर लिया है। हर एंगल से पड़ताल की जा रही है। हम जल्द ही बदमाशों को ट्रेस करेंगे।
मुकेश दुबोलिया, थाना प्रभारी, सीहोर शिवपुरी।
Published on:
07 Jun 2023 04:00 pm

बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
