19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नाना की तेरहवीं से लौट रहे दो भाईयों की मौत, शिवपुरी में ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

Tractor Bike Collision: तेरहवीं से लौट रहे दो बाइक सवारों को ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर मौत, आक्रोशित परिजनों ने थाने में शव रखकर किया 4 घंटे धरना प्रदर्शन।

2 min read
Google source verification
shivpuri

tractor bike accident two brothers killed, सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत (source-patrika)

Shivpuri Brothers Killed in Tractor Accident: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब नाना की तेरहवीं से लौट रहे दो भाईयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक से घर लौट रहे युवकों की बाइक को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। युवकों की मौत की खबर लगते हुए गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने थाना परिसर में शवों को रखकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस पर लापवाही का आरोप लगाया है।

ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, मौके पर ही मौत

शिवपुरी जिले के कोलारस के तेंदुआ थाना क्षेत्र के कूदोनिया गणेश गांव के रहने वाले कन्हैया लाल धाकड़ (21) और सुघर सिंह धाकड़ (35) अपने नाना की तेरहवीं में शामिल होने के लिए सुजवाय गांव गए हुए थे। तेरहवीं में शामिल होने के बाद दोनों एक बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया है कि इसी दौरान रास्ते में खरई से टोरियां मार्ग पर गैस एजेंसी के पास लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की लापरवाही पर फूटा गुस्सा

मृतक सुघर सिंह के बड़े भाई हजारी धाकड़ ने बताया कि घटना के बाद तेंदुआ पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इससे आक्रोशित परिजनों ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक दोनों शवों को तेंदुआ थाना परिसर में रखकर धरना-प्रदर्शन किया। धरने के बाद पुलिस हरकत में आई आनन-फानन में दोनों शवों का पीएम कराकर परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर एवं चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नीतू धाकड़ ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

परिवार में पसरा मातम

परिवार में पहले से ही नाना के निधन से गम का माहौल था और अब दोनों युवकों की हादसे में मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने जल्द से जल्द ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।