
रोड किनारे पड़े पेवर्स ब्लॉक चोरी, ठेकेदार ने पार्षद पर लगाए चोरी के आरोप
रोड किनारे पड़े पेवर्स ब्लॉक चोरी, ठेकेदार ने पार्षद पर लगाए चोरी के आरोप
ट्रैक्टर-ट्रॉली में पेवर्स भरते पार्षद का वीडियो भी थाने में आवेदन के साथ दिया
रन्नौद। जिले के रन्नौद नगर में वार्ड नंबर एक में निर्माण कार्य के दौरान रोड किनारे पड़े पेवर्स ब्लॉक चोरी होने का आवेदन ठेकेदार ने पुलिस थाने में दिया है। ठेकेदार ने थाना प्रभारी को आवेदन के साथ एक वीडियो भी सौंपा है, जिसमें वार्ड नंबर १ के पार्षद ठेकेदार के पेवर्स को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाते हुए नजर आ रहे है। पुलिस ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
ठेकेदार कृष्णपाल यादव ने मंगलवार को पुलिस थाने में थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान को आवेदन देेते हुए कहा कि उन्होने वार्ड नंबर १ में पेवर्स ब्लॉक लगाने का काम किया था। करीब १० हजार रुपए कीमत के पेवर्स ब्लॉक बच गए थे, जो कि रोड किनारे पड़े थे। मैं आज मौके पर गया तो पूरे पेवर्स ब्लॉक गायब मिले। वार्ड में रहने वाले एक युवक ने उनको वीडियो दिया जिसमें वार्ड पार्षद उमेश उपाध्याय अपने हाथों से ही पेवर्स उठाकर ट्रैक्टर में भरकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे है। ठेकेदार ने पार्षद के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराने की मांग की है। थाना प्रभारी चौहान ने बताया कि वह पार्षद से पूछताछ कर लेते है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। इधर जब पार्षद उपाध्याय से बात की गई तो उन्होने बताया कि ठेकेदार उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रहे है। पेवर्स रोड पर पड़े थे, उनको दूसरी साइड में रखवा दिया है। चूंकि ठेकेदार के खिलाफ घटिया निर्माण की शिकायत की थी, इसलिए वह जबरन की शिकायत कर रहा है।
Updated on:
14 Feb 2024, 3:02 PM IST
Published on:
14 Feb 2024, 3:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.