सीधी। प्रदेश में हुए नर्सिंग घोटाले एवं पेपर लीक घोटालों को लेकर युवाओं को न्याय दिलाने प्रदेश कांग्रेस जीतू पटवारी निर्देशन जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह के मुख्य आतिथ्य में कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेसियों द्वारा चिकित्सा मंत्री के इस्तीफे, नर्सिंग घोटाला और नीट पेपर लीक की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा, प्रदेश में लगातार हो रहे शिक्षा घोटालों से सत्तारूढ़ प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। भाजपा राज में परीक्षाओं पर शिक्षा माफिया का कब्जा है, वो भाजपा की सह पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, देश में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता पूरी तरह समाप्त हो गई है। परीक्षाओं के पेपर लीक होना इस सरकार में आम बात हो गई है। सिंह ने कहा, कांग्रेस पार्टी देश के नौजवानों के साथ खड़ी है, हम उनके अधिकारों और न्याय की लड़ाई लड़ेंगे। यह लड़ाई संसद से लेकर सडक़ तक लड़ी जाएगी और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता तब तक कांग्रेस पार्टी यह लड़ाई लड़ती रहेगी। धरना प्रदर्शन को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष चिंतामणि तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष काजल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष विनोद वर्मा, संभागीय प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू, जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू, एनएसयूआई अध्यक्ष सौरभ सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष यज्ञराज साहू, इंटक अध्यक्ष विष्णु बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। धरना प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार गोपद बनास को सौंपा गया। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांगेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।