
UP: कभी भी हो सकती है BJP के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा। (Photo- Patrika)
सीकर जिले के नीमकाथाना में भाजपा नेता व खनन कारोबारी महेंद्र गोयल को पांच करोड़ की रंगदारी को लेकर मिली धमकी के बाद उनके पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों व नागरिकों ने एडीएम कार्यालय पहुंचकर एडीएम भागीरथ साख व सहायक पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर उपस्थित रहे। पीड़ित के बड़े भाई दौलतराम गोयल ने बताया कि 12 जून को महेंद्र गोयल के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद उनके नंबर पर 26 सेकंड का वॉइस मैसेज आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बड़ा गैंगस्टर बताते हुए पांच करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की।
मैसेज में आरोपी ने धमकी देते हुए कहा तेरी डीपी चाहे नरेंद्र मोदी के साथ हो या अमित शाह के साथ हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। यदि हमारे साथ नहीं चला, तो तेरे माइंस और क्रेशर मिट्टी में मिला देंगे। हां या ना का जवाब देना। पीड़ित पक्ष ने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की धमकियां दी जा चुकी हैं, जिनमें पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की थी, लेकिन अब दोबारा ऐसी वारदात से परिवार भयभीत है।
इस घटना के बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित को सुरक्षा भी मुहैया कराई है। ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Updated on:
17 Jun 2025, 1:58 PM IST
Published on:
17 Jun 2025, 1:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.