नीमकाथाना/पाटन. इलाके के हरिपुरा गांव में छह मार्च को एक बालक गायब हो गया था। सोमवार को बालक का शव घर से करीब डेढ़ किमी की दूरी पर हरिपुरा की दो पहाड़ियों के बीच में स्थित खोल में मिला है। चार वर्षीय बालक नमन का शव पहाड़ी पर स्थित एक पेड़ से लुगड़ी की किनार से बनी रस्सी से बंधा हुआ क्षत-विक्षत हालत में मिला है। नमन के हाथों व गले को लुगड़ी से बांध कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार मृतक बालक चंचल स्वभाव का था और वह अपने पिता की संदिग्ध अवस्था में हुई हत्या का राज जानता था। इसी कारण उसकी हत्या की गई। परिजनों व ग्रामीणों के अनुसार नमन गुर्जर आखिरी बार छह मार्च को अपने घर से थोड़ी दूर बज रहे डीजे के पास देखा गया था। नमन के घर नहीं पहुंचने पर उसके परिजनों ने पूरे गांव में उसे तलाश किया। नमन के नहीं मिलने पर उसके चाचा मनोज गुर्जर ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने अगले दिन डॉग स्क्वॉड को बुलाया था, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार दोपहर लगभग दो बजे गांव की पहाड़ी के पास स्थित मकान में रहने वाली एक महिला ने एक कुत्ते के मुंह में बालक का पैर देखा इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर नीमकाथाना एसपी प्रवीण नायक , सीओ, सदर थानाधिकारी व पाटन थानाधिकारी नेकीराम पुलिस जाब्ते के साथ हरिपुरा पहुंचे। पुलिस बारीकी से जांच में जुटी है।