
Sikar News: वो सिर्फ 19 दिन का था। अभी तो मां बोलना तक नहीं सीखा था उसने लेकिन मां ने खुद ही अपनी कोख उजाड़ ली। बच्चे को इतनी खतरनाक मौत दी कि शव की हालत देखकर पुलिसवाले भी दहल गए। इस हत्याकांड के पीछे देर रात आया एक सपना बताया जा रहा है। पुलिस ने फिलहाल कहानी पर भरोसा कर लिया है और इसी आधार पर जांच भी की जा रही है। मामला सीकर जिले के नजदीक नीमकाथाना इलाके का है। डाबला पुलिस ने आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया है।
एएसपी गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब तीन बजे 19 दिन के बच्चे की हत्या कर दी गई। घटना की जानकरी मिलने पर पहुंची पुलिस को पता चला कि बच्चे को पानी की टंकी में डुबोकर मार दिया गया। वह अपनी मां सरोज देवी और दादी मेवा देवी के बीच में सो रहा था। पुलिस ने जांच की तो शक की सुई घर में ही मां सरोज देवी पर जाकर बार-बार टिकती रही। सरोज देवी से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सरोज ने पुलिस को बताया कि बेटा आठ साल बाद पैदा हुआ था। उसके लिस कई व्रत किए थे और कई मन्नते की थीं। लेकिन मंगलवार रात एक सपना आया जिसमें एक सफेद रंग की साड़ी पहनी महिला दिखाई दी। उसने कहा कि बच्चा अशुभ है और तुम्हार पूरा घर बर्बाद हो जाएगा… इसे मारना ही होगा। सरोज ने ऐसा ही किया। उसने बच्चे को घर के बाहर पानी की टंकी में डुबो दिया और अंदर आकर सो गई। बाद में देर रात तलाश हुई तब जाकर इस हत्याकांड का खुलासा हुआ। बच्चे का पिता कृष्ण कुमार… दमकल कार्मिक है। उस रात वह नाइट ड्यूटी पर गया था। मां को अरेस्ट कर लिया गया है और जेल भेज दिया गया है।
Updated on:
25 Oct 2024 08:28 am
Published on:
25 Oct 2024 08:28 am
