
पात्र लोगों को मिले योजनाओं का पूरा लाभ - डॉ चंद्रभान
सीकर. बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान बुधवार को सीकर दौरे पर आए। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर बीस सूत्री कार्यक्रम के क्रियान्वयन और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की। बीसूका उपाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान ने राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना और जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए जलदाय विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसलिए पेयजल उपलब्ध करवाने में कोई कोताही नहीं बरती जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन योजना में ज्यादा से ज्यादा पेयजल कनेक्शन देने की बात कही। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. चंद्रभान ने कहा कि राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं का परिणाम है कि अब ज्यादातर लोग संस्थागत प्रसव करवा रहे हैं।
प्रभावी मॉनिटरिंग के दिए आदेश
बीसूका उपाध्यक्ष ने मनरेगा की समीक्षा करते हुए रोजगार दिवस के सृजन समेत अन्य मुद्दों की जानकारी ली। इस दौरान जिला परिषद के सीईओ सुरेश कुमार ने बताया कि जिले में तीन लाख 11 हजार 525 जॉब कार्ड श्रमिकों को जारी किए गए है तथा मजदूरी का भुगतान समय पर हो रहा है। डॉ. चंद्रभान ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना को सपनों को पूरा करने वाली योजना बताते हुए इसमें अपेक्षित सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने बीस सूत्री कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला स्तर व नीचे के स्तरों तक प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा।
अस्पताल के बाहर की ना लिखे दवाई
सीएमएचओ को निर्देश दिए कि जिले की सीएचसी, पीएचसी का नियमित निरीक्षण कर चिकित्सकों, पैरा मैडिकल स्टाफ की उपस्थित सुनिश्चित करें साथ ही यह भी देखें कि कोई भी चिकित्सक अस्पताल से बाहर की दवाई रोगी को नहीं लिखें। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में अधिकाधिक पंजीयन कराने को कहा ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग को जिले में बकाया 12 हजार कृषि विद्युत कनेक्शन का डिमांड नोटिस जारी कर कनेक्शन देने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को मोटीवेट भी किया।
12 योजनाओं में जिला प्रथम
जिला कलक्टर अविचल चतुर्वेदी ने जिले प्रगति से अवगत करवाते हुए बताया कि जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन वर्ष 2021—22 में 12 योजनाओं में सीकर जिला राज्य स्तर पर प्रथम रैंक पर रहा है। मुख्य आयोजना अधिकारी नरेंद्र भास्कर ने पावर प्रजेन्टेशन के माध्यम से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट से अवगत करवाया। बैठक में जिला बीसूका उपाध्यक्ष सुनिता गठाला, पूरण कंवर, डीईओ रामचंद्र पिलानिया, सीएमएचओ डॉ. अजय चौधरी, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ओमप्रकाश राहड़, आरसीएचओ डॉ. निर्मल सिंह, एलडीएम ताराचंद परिहार, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक डी.के शर्मा, रोजगार अधिकारी राकेश खर्रा, संयुक्त निदेशक सूचना व प्रौद्योगिकी सत्यनारायण चौहान आदि ने हिस्सा लिया।
इनकी भी की समीक्षा
डॉ. चंद्रभान ने बैठक में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान, निरोगी राजस्थान, हथलेवा योजना, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री युवा संबल योजना, जनसूचना पोर्टल, इंदिरा रसोई, इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना आदि फ्लैगशिप योजना की भी समीक्षा की। इससे पहले डॉ चंद्रभान ने सर्किट हाउस में स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया।
Published on:
16 Jun 2022 12:17 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
