सीकर/ दांता. भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री व पूर्व विधायक अलका गुर्जर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सरकार को विफल बताया।
सीकर/ दांता. भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री व पूर्व विधायक अलका गुर्जर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सरकार को विफल बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चार साल के शासन में कांग्रेस त्राहिमाम त्राहिमाम कर रही है । हर वर्ग सरकार से नाराज है। पर उनकी तरफ सरकार को कोई ध्यान नहीं है। गुर्जर सोमवार को दांतारामगढ़ में आयोजित जन आक्रोश आम सभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने पूरे कार्यकाल में कुर्सी बचाने में लगे रहे। बोली, भारत जोड़ो यात्रा निकालने वालों को पहले राजस्थान में कांग्रेस को जोड़ना चाहिए। विधायक प्रेम सिंह बाजोर ने कहा कि गहलोत सरकार के राज में प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। कहा कि कांग्रेस ने 50 साल के शासन में सीकर में एक भी बड़ा काम नहीं किया। जबकि भाजपा ने 8 साल के शासन में मेडिकल कॉलेज, नई रेल, ब्रॉडगेज लाइन आदि अनेक विकास के कार्य किए हैं। इसी तरह भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रणवा ने सरकार भ्रष्टाचार, व्यभिचार, अपराध, महंगाई व बेरोजगारी सरीखे मुदृदे पर घेरा। भाजपा जिलाध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने भी कांग्रेस सरकार को आपसी कलह में उलझा हुआ बताते हुए आगामी चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाने की बात कही।
इन्होंने दिया संबोधन
सभा को पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, केडी बाबर, गोवर्धन वर्मा, प्रदेश मंत्री मधु कुमावत, जन आक्रोश यात्रा के प्रभारी हरिहर पारीक, सरपंच प्रभु सिंह गोगावास, पूर्व प्रधान बसंत कुमावत, राजेंद्र धीरजपूरा, राजेंद्र सिंह भारीजा, सुरेश शर्मा,सुभाष भारतीय, हनुमान झाझड़ा, ममता मुंडोतिया, पवन पुजारी गोविंद बिजारणिया व सुनीता वर्मा ने भी संबोधित किया।
एसडीएम को दिया ज्ञापन
सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया। रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश चेतन सहित कई लोग मौजूद रहे।