
Demo Photo
सीकर। सीकर में लगातार कई लड़के किराए पर गाड़ियां लेकर भाग रहे हैं और इन गाड़ियों को अन्य राज्यों में बेच देते हैं। इसी तरह का एक मामला उद्योग नगर इलाके में सामने आया है। इसमें फर्जी आईडी देकर किराए की एसयूवी गाड़ी लेकर आरोपी भाग गया। आरोपी ने 20 लाख से अधिक की एसयूवी गाड़ी किराए पर ली और उसे लेकर फरार हो गया। आरोपी का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित राजेश कुमार पुत्र शेरसिंह जाट निवासी दुलोट अटेली महेंद्रगढ़, हरियाणा ने उद्योग नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
इसमें पीड़ित राजेश ने बताया कि उनका सीकर में न्यू कार सिटी के नाम से ऑफिस है। पीड़ित के पास पास हरियाणा नंबर की एसयूवी गाड़ी है, उस गाड़ी को एक युवक ने फर्जी आईडी देकर किराए पर ले गया। आरोपी ने कार एक दिन के लिए किराए पर ली थी। लेकिन आरोपी ने कार नहीं लौटाई और ना ही बताए गए पते पर मिला।
जब राजेश ने उस युवक के नंबर पर कॉल किया तो युवक का नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। उन्होंने गाड़ी की लोकेशन निकलवाई तो वह मडाकिया, राजस्थान की आई। पीड़ित राजेश को अंदेशा है कि गाड़ी को किराए पर ले जाने वाला युवक इस गाड़ी से कोई अवैध काम कर सकता है। उद्योग नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इससे पहले भी सितंबर 2024 में इस तरह का मामला सामने आया था। इसमें पीड़ित विकास शर्मा की एसयूवी कार को आईडी देकर आरोपी दीपेंद्र निवासी नेवरी उदयपुरवाटी ने कार ली थी। किराए पर कार मदनी मंढ़ा निवासी अजीतसिंह शेखावत ने दिलवाई थी। आरोपी दीपेद्र ने थार गाड़ी किराए पर लेकर अपने साथी अजीतसिंह शेखावत को दे दी। अजीतसिंह कार को पटना, बिहार ले गया, पीड़ित विकास शर्मा ने उद्योग नगर थाना में मामला दर्ज करवाया था।
पीड़ित बार-बार पुलिस के पास जा रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोपी अजीतसिंह पीड़ित विकास शर्मा को धमकियां दे रहा है कि पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती है, मैं तो ऐसे ही कारें किराए पर लेकर बेच देता हूं। आगे भी ऐसे ही गाड़ियां दिलवाता रहूंगा। पीड़ित का आरोप है कि जांच अधिकारी एएसआई बलवीर ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
Updated on:
22 Jan 2025, 3:15 PM IST
Published on:
22 Jan 2025, 3:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.