3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Diwali 2022: ‘अंतर’ में मां लक्ष्मी की आस्था, आसमां तक छाया उल्लास

सीकर. संपत्ति व समृद्धि की देवी मां महालक्ष्मी के आगमन पर आस्था अंतरमन और उल्लास आसमान तक छा गया है।

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Sachin Mathur

Oct 24, 2022

sikar diwali

दिवाली पर अंतरमन तक आस्था और आसमां तक पहुंचा उल्लास,दिवाली पर अंतरमन तक आस्था और आसमां तक पहुंचा उल्लास

सीकर. संपत्ति व समृद्धि की देवी मां महालक्ष्मी के आगमन पर आस्था अंतरमन और उल्लास आसमान तक छा गया है। सज धज कर रोशनी से सराबोर शहर में घरों से लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक में लोगों के शीश मां के सामने नतमस्तक हो रहे हैं। दीयों की झिलमिल रोशनी के बीच मंत्र, जप और आरती से लोग मां लक्ष्मी को स्थायी वास के लिए रिझा रहे हैं। तबेला बाजार, सुभाष चौक, स्टेशन रोड़, चिरंजी पनवाड़ी की गली, बजाज रोड, सिल्वर जुबली रोड सहित पूरा शहर इस दौरान मां के स्वागत में रोशन है। हर मुंडेर दीयों से दमकने के साथ हर चौखट- चौबारे रोशनी से चमचमाए हुए हैं। रंगोली से हर आंगन रंगीन है और आतिशबाजी के उल्लास के साथ लोग खुशियों के जबरदस्त 'बम' फोड़ रहे हैं।

महालक्ष्मी पूजा में 101 फीट की चुनरी पहनाई
दीपावली पर मंदिरों में भी विशेष पूजा अर्चना का दौर चला। मंदिरों में भव्य सजावट के बीच विशेष आरतियां हुई। इस दौरान श्रीकल्याण मंदिर में चल रहे श्रीमहालक्ष्मी पूजा महोत्सव में दिवाली पर मां लक्ष्मी को 101 फीट लंबी चुनरी ओढ़ाई गई। छप्पन भोग की झांकी के साथ महाआरती का आयोजन हुआ। मंदिर में 16 दिवसीय महोत्सव का समापन बुधवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट प्रसाद वितरण के साथ होगा।

आज सूर्य ग्रहण, कल होगी गोवर्धन पूजा
पांच दिवसीय दीपोत्सव में मंगलवार को सूर्य ग्रहण का काला साया रहेगा। पंडित दिनेश मिश्रा के अनुसार शेखावाटी में सूर्य ग्रहण का काल शाम 4.23 मिनट से शाम 5.28 बजे तक रहेगा। जिसकी पूर्ण समाप्ति शाम 6.25 बजे होगी। ऐसे में सूतक सुबह 4.23 बजे ही शुरू हो जाएगा। सूर्य ग्रहण की वजह से गोवर्धन पूजा इस बार मंगलवार को नहीं होगी। इसकी बजाय ये पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। जबकि भाई दूज व अन्नकूट महोत्सव बुधवार को मनाया जाएगा।

नवलगढ़ रोड के लोगों ने मनाई काली दिवाली
इधर, पानी निकासी की समस्या का विरोध कर रहे नवलगढ़ रोड वासियों ने दिवाली पर ब्लैक आउट कर काली दिवाली मनाई। नारे लगाकर इस दौरान नगर परिषद व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगर परिषद की वजह से नवलगढ़ रोड के लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पर लंबे आंदोलन के बाद भी प्रशासन मौन साधकर ढीठ बने बैठा है। जिसके खिलाफ संघर्ष समिति में आक्रोश है। इसके विरोध में ही नवलगढ़ रोड क्षेत्र के लोगों ने 15 मिनट लाइटें बंद कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

Story Loader