
सदन में संयम व सलीका था। समस्याओं को लेकर पार्षदों के सटीक सवाल थे। उतने ही सधे व सलीकेदार सभापति के जवाब थे। जिसमें पक्ष व विपक्ष के भेद बिना पार्षदों से उठी वार्ड व शहर की हर समस्या की संजीदगी व सह्रदयता से सुनवाई हो रही थी। समस्या की तह में जाने के साथ सभापति उसके समाधान की समय सीमा भी तय कर रहे थे। नगर परिषद सभागार में बालिका दिवस पर बुधवार को राजकीय राधाकृष्ण मारू स्कूल की छात्राओं ने शहरी सरकार की कमान संभाली तो सदन में सदाचरण के साथ समृद्ध शहर की साझा सोच ने साकार रूप लिया। समर्थन की थपथपाहट से इस दौरान पूरा सदन गूंजता रहा। खास बात ये भी रही कि शहर की वास्तविक समस्याएं ही इस दौरान सदन में उठी। जिनके समाधान में आमजन से भूमिका निभाने की सभापति की अपील भी अहम रही।
तय समय में यूं रखा समाधान
1. पार्षद: वार्ड सात में आवारा पशु बढ़ रहे हैं। जानें भी ले चुके हैं। कृपया उनका प्रबंध करें।
सभापति: आपके क्षेत्र में गौ शाला के लिए जमीन आवंटन कर दी जाएगा। ताकि शहर के आवारा पशुओं की देखभाल भी हो सके। छह महीने में आपकी समस्या का समाधान हो जाएगा।
2. पार्षद: मेरे वार्ड में नाले व चैंबर खुले होने से हादसे का सबब बने हुए हैं। उनका उचित समाधान करवाएं।
सभापति: आपके वार्ड में अंडरग्राउंड डलवा देंगे। इससे उनके कवर की समस्या दूर हो जाएगी। 15 दिन में काम शुरू करवा देंगे।
3. पार्षद: हमारे वार्ड में बिजली की सप्लाई कम व कटौती ज्यादा होने से पानी भरने से लेकर पढऩे तक में समस्या हो रही है।
सभापति: आपकी समस्या जायज है। बिजली अधिकारियों से जांच करवाकर सात दिन में समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
4. पार्षद: वार्ड 55 में खेल मैदान की समस्या होने से बच्चे आउट डोर गेम नहीं खेल पा रहे। ये बड़ी समस्या है।
सभापति: आपके क्षेत्र में भूमि आवंटन कर ओपन जिम सहित सभी सुविधाओं से युक्त खेल मैदान तैयार करवाने का प्रयास करेंगे। एक महीने में भूमि आवंटन कर दी जाएगी।
5. पार्षद: वार्ड 50 में सडक़ें टूटी हुई है। यातायाता बाधित रहता है। शहर में प्रदूषण भी बढ़ रहा है।
सभापति: आपके वार्ड में जल्द सडक़ का काम शुरू कर देंगे। ट्रेफिक लाइट की संभावनाओं को देखते हुए दो अतिरिक्त यातायातकर्मी भी लगवा देंगे। 15 दिन में काम हो जाएगा।
नकली सभापति ने समझी असली समस्या
सदन में स्कूल प्राचार्य दिनेश पुरोहित ने आमंत्रित सदस्य के रूप में अपनी समस्या सभापति के सामने रखी। उन्होंने कहा कि मारू स्कूल के सामने बस स्टैंड की वजह से बढ़ती भीड़ व बिगड़ती यातायात व्यवस्था छात्राओं की असुविधा व असुरक्षा बढ़ा रही है। इस वास्तविक समस्या को सभापति का अभिनय कर रही सोनाक्षी ने वाजिब बताया। कहा, मैं महिला हूं। दर्द समझती हूं। कल ही आपके स्कूल के बाहर दो पुलिसकर्मी तैनात कर दिए जाएंगे। बस स्टैंड को भी जल्द ही आगे शिफ्ट करवाया जाएगा।
सियासतदां भी लें ये सीख
1. सभापति सोनाक्षी ने हर समस्या के समाधान की समय सीमा तय की।
2. बिजली की समस्या उठने पर सभापति ने पार्षद से कहा कि समाधान तो करवा देंगे, लेकिन बिजली के सदुपयोग का वादा करना होगा।
3. यातायात व पर्यावरण प्रदूषण की समस्या पर कहा, अलग- अलग कार में जाने की बजाय लोग सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करने की पहल करें। यातायात के नियमों का भी पालन करें।
4. बेटी दिवस पर बेटियों को सौगात देने के सवाल पर छात्रा सभापति ने बोर्ड परीक्षाओं में 90 फीसदी से ज्यादा अंक लाने पर छात्राओं को लैपटॉप देने की घोषणा की।
5. सदन में वाद- विवाद नहीं हुआ। एक-एक कर सब छात्राओं ने अपनी बात रखी। सभापति ने पक्ष- विपक्ष देखे बिना सभी की समस्या दूर करने की बात कही। सबके साथ से सबके विकास की बात कही।
ये बने जनप्रतिनिधि
सदन में सभापति की भूमिका छात्रा सोनाक्षी ने निभाई। पूजा कुमावत सांसद, सानिया विधायक, रहीना उपसभापति, गिरीशा चौधरी नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में रही। कार्यक्रम शकुंतला चौधरी, सीमा गोदारा, अनीता, प्रीती पाठक, संतोष नेहरा, सुमन, कीर्ति रामवानी की मौजूदगी में हुआ।
Published on:
25 Jan 2024 10:54 am

बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
