सीकर. सीकर लोकसभा सीट इंडिया गठबंधन के खाते में जाने के बाद सियासी पारा गर्माने लगा है। कांग्रेस में अंदरखाने कई तरह की चर्चाएं है तो माकपा की ओर से किसान नेता अमराराम को उम्मीदवार बनाने का ऐलान कर दिया है। इस बीच राजस्थान युवा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सीताराम लाम्बा की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा एक मैसेज जमकर वायरल हो रहा है। एक्स पर लाम्बा ने लिखा कि शेर की खाल पहनने से कोई शेर नहीं होता...। लाम्बा के इस बयान को लोकसभा चुनाव प्रत्याशी घोषित होने से जोड़कर देखा जा रहा है। लाम्बा खुद सीकर से टिकट की दौड़ में शामिल थे। दूसरी तरफ माकपा की ओर से प्रत्याशी घोषित करने के बाद किसान नेता अमराराम ने सियासी समीकरणों को साधना शुरू कर दिया है। उन्होंने कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह, पूर्व मंत्री महादेव सिंह खंडेला, विधायक राजेंद्र पारीक व सभापति जीवण खां आदि से मुलाकात की। सियासी गलियारों में इस मुलाकात को लेकर कई तरह चर्चाएं है। सूत्रों की माने तो बड़े नेताओं ने गठबंधन को स्वीकार कर लिया है। इधर पीसीसी अध्यक्ष शनिवार को बैठक लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का मंत्र देंगे।