सीकर. जीणमाता थाना इलाके में कोछोर के नजदीकी इंन्द्रपुरा गांव में बुधवार को छोटे भाई ने ट्यूबवैल की लोहे की पाती से सिर पर हमला कर बड़े भाई की हत्या कर दी। दोनों के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे सिंचाई के लिए ट्यूबवैल का फ्यूज सही करते समय बनवारीलाल सैनी की छोटे भाई चतुर्भुज, उसकी पत्नी सुशीला व बेटी सुनीता से कहासुनी हो गई, जो जानलेवा हमले में तब्दील हो गई। मृतक के पुत्र विमल सैनी ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि उसके चाचा चतुर्भुज, चाची सुशीला व चचेरी बहन सुनीता ने लाठी,डण्डे व ट्यूवबैल की लोहे की पाती से पिता बनवारी लाल सैनी (52) पर जानलेवा हमला किया। जिन्हें गंभीर हालत में सीकर एसके अस्पताल ले जाने पर उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बाद में एसके अस्पताल की मोर्चरी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।