_1.jpg)
सीकर. स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने और कर्ज माफी सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले छह दिन से सीकर कृषि उपज मंडी में महापड़ाव पर बैठे किसानों की ओर से गुरुवार को सीकर बंद का आह्वान किया गया है। अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में बंद को विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों ने समर्थन दिया है। जिसके चलते सुबह से बाजार में सन्नाटा छाया हुआ है।
किसानों के समर्थन में व्यापारियों ने दुकानें खोली ही नहीं। छोटी- बड़ी चाय की थडियां तक बंद नजर आ रही हैं। उधर, अखिल भारतीय किसान सभा और माकपा कार्यकर्ता गाडिय़ों में भरकर बाजार में चक्कर भी लगा रहे हैं और बंद को समर्थन देने की अपील कर रहे हैं। बंद के दौरान शहर की लाइफ लाइन ऑटो रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद है। सिटी बस भी नहीं चल रही। गांवों से दूध डेयरियों तक नहीं पहुंचाया गया। जयपुर रोड स्थित कृषि उपज मंडी में शाम चार बजे किसानों की आम सभा होगी। जहां आर-पार की लड़ाई की घोषणा की जाएगी।
मशाल की लौ में दिखाई राह
किसान सभा की ओर से बुधवार रात आठ बजे कृषि उपज मंडी से मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल किसानों ने मशाल की लौ के जरिए सरकार को रोशनी दिखाने का काम किया। जिले के धोद, लोसल, खूड़, सेवद बड़ी, मूंडवाड़ा, काशी का बास, दांतारामगढ़, खाटूश्यामजी, खाचरियावास, राणोली, पलसाना आदि कस्बों में भी मशाल जुलूस में काफी संख्या में किसान शामिल हुए।
बंद को लेकर पुलिस सतर्क
किसानों की ओर से बंद को लेकर पुलिस सतर्क है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जयपुर से एसटीएफ की कंपनी बुलाई गई है। साथ ही आरएसी की दो कंपनियों को संभावित स्थानों पर तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले भर में थानाधिकारियों को क्षेत्र का दौरा कर शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में संभावित स्थानों पर पुलिस जाब्ते की तैनाती की गई है।
वाहन रैली
महापड़ाव को देखते हुए गुरुवार को जिले के सभी बीज, खाद व कीटशानी विक्रेता अपने प्रतिष्ठान बंद रखे हैं। जिला कृषि आदान विक्रेता संघ के बैनर तले विक्रेताओं की ओर से वाहन रैली निकाली जाएगी। वाहन रैली में दीवान मार्केट, कोर्ट रोड व्यापार संघ, दुकान कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी व सदस्य शामिल होंगे।
Updated on:
7 Sep 2017, 1:04 PM IST
Published on:
7 Sep 2017, 12:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.