सिंगरौली

कॉबिंग गश्त : देर रात सडक़ पर उतरी पुलिस, गंभीर अपराधों के 244 आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई

गांजा व अवैध शराब के कारोबारियों को भी पकड़ा, 149 गुंडा बदमाश व हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक ...

2 min read
Jul 16, 2023
Cobbing patrolling by Police on road, action against accused

सिंगरौली. शनिवार की रात अचानक पुलिस अधिकारी सहित पूरा बल सडक़ उतरा और भ्रमण करते हुए गंभीर अपराधों में 11 स्थाई वारंट व 61 गिरफ्तारी वारंट सहित चार अन्य वारंट तामील कराए गए। वहीं 19 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। हत्या, लूट सहित अन्य अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए देर रात कार्रवाई को अंजाम दिया है। वहीं गांजा व अवैध शराब के कारोबारियों को भी पुलिस ने गश्त के दौरान पकड़ा है।

इधर 149 गुंडा, बदमाश व हिस्ट्रीशीटरों को चेक करते हुए पुलिस ने कार्रवाई किया है। पुलिस पार्टियों के माध्यम से पूरे जिले में लगभग 350 से अधिक पुलिस बल ने गश्त किया है। शाम ढल रही थी। कॉबिंग गश्त के लिए एसपी कार्यालय परिसर में पुलिस की योजना तैयार हो रही थी। थाना क्षेत्र के इलाकों में अलग-अलग पुलिस पार्टी की ड्यूटी गश्त के लिए लगाई गई।

थाना से दूर गश्त के लिए वाहन की सुविधा मुहैया कराई गई। वहीं शहरी क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर अपराधियों पर शिकंजा कसा है। जैसे ही देर शाम हुई कि शहर सहित ग्रामीण अंचल के थानों में पुलिस गश्त के लिए पैदल भ्रमण पर निकल गई। एसपी मो. यूसुफ कुरैशी के निर्देश पर जिले की पुलिस ने कॉंबिंग गश्त किया है। जिससे न केवल अपराधियों में हडक़ंप मच गया है। बल्कि कार्रवाई भी की गई है।

लॉज, ढाबा व एटीएम को किया चेक
कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस के अधिकारियों ने थानों के स्टाफ के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया। इस दौरान उन्होंने फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की चेकिंग के साथ रात्रि के समय सडक़ पर मिलने वाले प्रत्येक व्यक्ति से पूछताछ की गई एवं पुलिस के संतुष्ट हो जाने पर उन्हें छोडा गया। वहीं पुलिस ने लॉज, ढाबा व एटीएम को भी चेक किया है।

गश्त के दौरान वाहनों की चेकिंग
शहर के मुख्य चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर सघन रूप से चेंकिग की गई। रात्रि के समय सडक़ पर घूमते मिले लोगों को फटकार लगाकर उन्हें छोड़ा गया। भविष्य में रात्रि के समय बिना काम के घूमते पाए जाने पर कार्रवाई की हिदायत दी गई। पुलिस द्वारा किसी भी परिवार, बुजुर्ग, बीमार व्यक्तियों की तत्परता पूर्वक मदद भी की गई। चेकिंग के दौरान रात्रि के समय निकलने वाले वाहनों को रजिस्टर में उनकी जानकारी दर्ज की गई।

कायम रहे कानून व शांति व्यवस्था
जिले की कानून व शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान कई सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। साथ ही गुंडा व हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मोहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुंडा-बदमाशों की धरपकड़ की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कांबिंग गश्त कराई गई है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई:-
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस टीमों द्वारा गुंडा-बदमाशों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई। चेकिंग के दौरान सभी को चेतावनी भी दी गई। यदि वे किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जेल से रिहा होकर आए आरोपियों को भी चेक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधों पर नियंत्रण रखने व कानून व्यवस्था बनाए खने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Updated on:
16 Jul 2023 09:50 pm
Published on:
16 Jul 2023 09:40 pm
Also Read
View All

अगली खबर