सिरोही. जिलेभर में बुधवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। नदी नाले उफान पर रहे। कुछ गांवों के पड़ोसी शहरों से सडक सम्पर्क कट गए। माउंटआबू में सर्वाधिक 169 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यानी पर्यटन नगरी में करीब 7 इंच पानी बरसा। जिले के सबसे बड़े वेस्ट बनास बांध में एक ही रात में करीब 7 फीट पानी आने से बुधवार की सुबह बांध छलक गया। जिले के पांच बांधों के ओवरफ्लो होने से अब कुल 34 बांधों में से 15 बांधों पर चादर चल रही है। जिलामुख्यालय का मुख्यपेय जलस्त्रोत अणगौर बांध का जल स्तर भी बढकर बुधवार शाम तक करीब 18 फीट हो हो गया। वहीं पानी की आवक जारी है। सिरोही जिले में अब तक औसत की 97 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। जिले के अनादरा, आबूरोड और पादर में पुराने व जर्जर भवनों के गिरने के समाचार मिले हैं। हालांकि कोई जनहानि की खबर नहीं है। इधर, तेज बारिश को देखते हुए कलक्टर डॉ. भंवरलाल ने जिले के समस्त राजकीय और निजी स्कूलों में 18 से 20 अगस्त तक अवकाश घोषित किए हैं। यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए लागू होगा।