
चुनाव में शोले फिल्म के डायलॉग ये हाथ मुझे दे दे ठाकुर वाले पोस्टर पर विवाद, राजपूत समाज में आक्रोश
सिरोही। वर्ष 1975 में रिलीज हुई वॉलीवुड की मशहूर फिल्म शोले का एक डायलॉग ये हाथ मुझे दे दे ठाकुर.. जिसे आज भी लोग नहीं भूले है। यहीं डायलॉग जिला निर्वाचन विभाग के लिए गलफांस बन गया है। लोकसभा चुनाव के लिए मतदाताओं को जागरुक करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए शोले फिल्म के डायलॉग के पोस्टर का फोटो सोशल मीडिया में वायरल होते ही उसमें लिखे गए "ठाकुर" शब्द की वजह से विवाद खड़ा हो गया। राजपूत समाज के लोगों ने इसे समाज का अपमान बताते हुए नाराजगी जताई है। हालांकि विवाद बढता देख पालिका प्रशासन ने तत्काल ही पोस्टर को हटवा दिया।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से फिल्मी डायलॉग के पोस्टर भी लगाए गए हैं। शुक्रवार को नगर पालिका ने शहर के विभिन्न स्थानों पर इससे संबंधित पोस्टर्स लगाए। जिसमें शोले फिल्म के पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस पोस्टर में डाकू के रोल में अमजद खान और ठाकुर के रोल में संजीव कुमार दिखाई दे रहे है। जिसमें ऊपर लिखा है कि ये हाथ हमें दे दे ठाकुर..और नीचे लिखा है- पहले वोट दे दूं। राजपूत समाज के लोगों ने इसे समाज का अपमान बताते हुए नाराजगी जताई। साथ ही इसकी शिकायत भारत निर्वाचन आयोग से कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने का निर्णय लिया है।
जिला कलक्टर ने डाली एक्स पोस्ट
जिला निर्वाचन अधिकारी सिरोही ने एक्स पोस्ट भी डाली है। जिसमें लिखा कि मतदाता जागरुकता के लिए फिल्मी डायलॉग के पोस्टर लगाए थे। प्रशासन की किसी भी जाति, सम्प्रदाय या व्यक्ति की भावना को ठेस पहुंचाने की मंशा नहीं है।
इनका कहना है-
समाज की भावनाओं को आहत करने के लिए लगाए पोस्टर
जिला निर्वाचन विभाग की ओर से जानबूझकर राजपूत समाज की भावनाओं को आहत करने के लिए इस तरह के पोस्टर्स लगवाए गए है। इससे समाज में जबरदस्त रोष है। राज्य निर्वाचन अधिकारी को इन अधिकारियों को खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। अन्यथा समाज उचित मंच पर कार्रवाई करेगा।
राजेन्द्रसिंह मुंडी, जिला संरक्षक, राजपूत करणी सेना
--
प्रशासन की किसी की भावना को ठेस पहुंचाने की मंशा नहीं- कलक्टर
मतदाता जागरुकता को लेकर अनेक लोकप्रिय फिल्मों के विभिन्न डायलॉग का उपयोग कर बैनर लगाए गए है। जिससे कि मतदाताओं का ध्यान आकर्षित करवाकर जिले में अधिक से अधिक मतदान करवाया जा सके। प्रशासन की किसी भी जाति, सम्प्रदाय या व्यक्ति की भावना को ठेस पहुंचाने की कोई मंशा नहीं है। शिवगंज में लगे फिल्म विशेष से संबंधित बैनर को आपत्ति आने पर तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। ----शुभम चौधरी, जिला कलक्टर सिरोही
Published on:
06 Apr 2024 04:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
