
बिपरजॉय की तूफानी बारिश थमी, नजर आ रहे तबाही के मंजर
biparjoy cycloneसिरोही. बिपरजॉय चक्रवाती तूफान -बारिश का दौर साेमवार को थम गया, लेकिन जिले में कई जगह तूफान के निशां अभी तक नजर आ रहे हैं। जिसके चलते अभी तक जनजीवन पटरी पर नहीं अस्त-व्यस्त है। जिले में कुछ जगह बिजली बहाल नहीं हुई तो कहीं रास्ते बंद पड़े हैं। तूफान व भारी बारिश के चलते जिले के शिवगंज व माउंट आबू में अधिक नुकसान हुआ। शिवगंज की कई कॉलोनियों में अभी तक पानी भरा हुआ है, जिससे लोग फंसे हुए हैं। वहीं, माउंट आबू में तूफान की तबाही का मंजर सड़कों पर नजर आ रहा है। दोनों जगह प्रशासन जुटा हुआ है।
पिण्डवाड़ा में फूटा तालाब
इधर, लगातार बारिश होने से आ रहे पानी के चलते पिण्डवाड़ा के वीरोली गांव में एक तालाब फूट गया, जिससे पानी आसपास इलाके में घुस गया। प्रशासन ने तालाब के बहाव क्षेत्र के आसपास रहने वालों को सावचेत किया है।
तूफान थमने के बाद आसमान में बादल छाए रहे लेकिन बरसे नहीं, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। जिले में अधिकांश जगहों पर नुकसान होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जिले में हुई तूफानी बारिश का सकारात्मक असर यह रहा कि सिरोही जिले में मानसून से पहले ही 13 बांध ओवरफ्लो हो गए हैं और चादर चल रही है।
पानी मे फंसे लोगों का रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह पहुंचाया
तूफान के चलते हुई बारिश से ग्राम पंचायत मनादर के नोला नाड़ी पर ढाणी में बसे 10 परिवारों के 35 लोग पानी में फंस गए। जिनको प्रशासन की टीम ने बाहर निकालकर सुरिक्षत स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान गोपाल सिंह पटवारी, नायब तहसीलदार कैलाश नगर पुखराज रावल, कैलाश नगर चौकी प्रभारी जवानाराम, बीट कांस्टेबल नेनाराम चौधरी, पंचायत कनिष्ठ सहायक डूंगर सिंह राव मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। शाम तक घर आने की समझाइश की व राशन पानी की जानकारी ली।
कृषि कुएं पर लगे सोलर पंप सेट की प्लेटें उखड़ी, पपीते की फसल बर्बाद
सिरोही. तूफान-बारिश से किसानाें को काफी नुकसान हुआ है। शहर के खोबा वीर मंदिर जाने वाले मार्ग स्थित कृषि कुएं पर लगे सोलर पंप सेट की प्लेटें उखड़ गई। वह डैमेज हो गई। सिरोही के हिमांशु माली ने बताया कि कृषि कुआं टांकरिया बस्ती से आगे खोबा वीर भगवान मंदिर जाने वाले रास्ते पर स्थित है। शाम को तेज हवा के साथ हुई बारिश से सोलर पंप सेट की प्लेटें उड़ गई एवं डैमेज भी हुई है। जिससे काफी नुकसान हुआ है।
उधर सिरोही शिवगंज रोड पर स्थित बाबा रामदेव कृषि फार्म के रघु भाई माली के कृषि फार्म पर लगे पपीते की फसल खराब हो गई है। रघु भाई माली ने बताया कि फार्म पर पपीते के 3000 पौधे लगे हुए हैं। तूफान व बारिश से फसल बुरी तरह से तबाह हो गई है। तेज हवा एवं बारिश से पपीते के पौधे नीचे गिर गए और पौधों पर लगे हुए पपीते के फल भी झड़ गए। जिससे काफी नुकसान हो गया।
Updated on:
20 Jun 2023 02:38 pm
Published on:
20 Jun 2023 02:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
