दरअसल हुआ यह कि पिण्डवाड़ा के पास स्थिति बसंतगढ़ से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पहाड़ियों से सटे बुनियादी सुविधाओं से वंचित रायदरा डामर फली गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में आदिवासी गरासिया जाति के ही बच्चे पढ़ाई करते हैं। यहां शिक्षा के अभाव के कारण बहुत कम विद्यार्थी स्कूल आते थे। तब सभी शिक्षकों ने घर-घर दस्तक देकर बच्चों और अभिभावकों को प्रेरित किया। जिसके सुखद नतीजे मिले और 128 बच्चों का स्कूल में नामांकन भी हो गया। बावजूद इसके बच्चे विद्यालय जाने में ज्यादा रुचि नहीं दिखा रहे थे। जिस पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शनिराम गरासिया और उनके साथी शिक्षक कैलाश यादव, कैलाश माली, प्रकाश तेली व रमेश गरासिया ने कुछ नवाचार करने की ठानी। जिसके तहत विद्यालय के अहाते की जिस दीवार पर सामान्य रंग-रोगन किया हुआ था, उस दीवार को एक रेलगाड़ी की शक्ल में पेंट करवा दिया। ऐसा लगने लगा मानों वह विद्यालय भवन नहीं होकर एक रेलगाड़ी खड़ी है। बस फिर वही हुआ, जिसकी शिक्षकों को उम्मीद थी।