29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Sirohi / गरबा नृत्य में ​थिरके कदम, मस्ती व उत्साह से सराबोर नजर आए युवक-युवतियां

गरबा नृत्य में ​थिरके कदम, मस्ती व उत्साह से सराबोर नजर आए युवक-युवतियां

शिवगंज के रिवर फ्रंट पर आयोजित डांडिया कार्यकम उमंग में उमडा जनसैलाब
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सिरोही

•

image

Satya Prakash Sharma

•

Updated: 27 Oct 2023, 10:52 PM IST

गरबा नृत्य में ​थिरके कदम, मस्ती व उत्साह से सराबोर नजर आए युवक-युवतियां

गरबा नृत्य में ​थिरके कदम, मस्ती व उत्साह से सराबोर नजर आए युवक-युवतियां

Garba danceशिवगंज। शहर की शान बन चुका जवाई रिवर फ्रंट गुरुवार की रात को उमंग व उत्साह से सराबोर नजर आया। मौका था एनएसयूआई की ओर से आयोजित डांडिया नाइट उमंग 2023 का। इस कार्यक्रम में रिवर फ्रंट पर गरबा कार्यक्रम देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड पड़े। रिवर फ्रंट के लॉन में एक साथ दो हजार से अधिक युवक-युवतियों ने एक साथ गरबा नृत्य कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।


जानकारी के अनुसार रिवर फ्रंट पर छात्र संगठन एनएसयूआई की ओर से गुरुवार को उमंग 2023 डांडिया नाइट का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में डांडिया नृत्य में भाग लेने के लिए नि:शुल्क पास उपलब्ध करवाए गए थे। कार्यक्रम को लेकर एनएसयूआई की पूरी टीम पिछले कई दिनों से तैयारियों में लगी हुई थी। कार्यक्रम को लेकर रिवर फ्रंट को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेशसिंह राव एवं कुशल देवडा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर संगठन की ओर से करीब दो हजार पास का वितरण किया गया था।

डांडिया नृत्य में भाग लेने वाली युवतियों के लिए पारंपरिक परिधान और युवकों के लिए कुर्ता पायजामा आवश्यक रखा गया। गुरुवार की शाम छह बजे यह कार्यक्रम निर्धारित था। जिसे लेकर पांच बजे से ही लोगों का कार्यक्रम स्थल पहुंचना शुरू हो गया। सात बजे तक तो पूरा रिवर फ्रंट लोगों से पूरी तरह खचाखच भर गया। इसके बावजूद डांडिया नृत्य में भाग लेेने आने वाले प्रतिभागियों एवं दर्शकों के आने का सिलसिला जारी रहा। यह क्रम रात करीब दस बजे तक अनवरत जारी रहा। कार्यक्रम को लेकर उम्मीद से ज्यादा भीड आ जाने की वजह से एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं एवं पुलिस कर्मियों को भी व्यवस्था बनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।


कार्यक्रम की शुरुआत पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची एवं शिवि लोढा ने मां दुर्गा की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इस मौके पर एनएसयूआई की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद रिवर फ्रंट पर रात साढे ग्यारह बजे तक उत्साह व उमंग का वो परवान चढा की जो भी वहां पहुंचा अपने आप को भक्तिरस से सराबोर होने से नहीं रोक पाया।

कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष रितिक मेघवाल ने इस भव्य आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पालिका उपाध्यक्ष चंपादेवी कुमावत, पार्षद प्रकाश मीना, जयंतिलाल सोनी, किस्तुर घांची, राजेन्द्र घांची, सहवृत सदस्य अरविंद परारिया, राजेन्द्र कुमार, खीमचंद परारिया, सरदार बलवीरसिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपिस्थत रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसयूआई के कार्यकर्ता कुशलसिंह देवडा, सुरेशसिंह राव,राहुल बारोठ, राहुल चांवरिया, रवि चौहान, गोविन्द कुमावत, यशपाल सोनी, रितिका सैन, नेहा प्रजापत, टीना, रेशमा मीना, सीमा, मनीषा, दीपक मीना, आर्यनसिंह, मयंक भाटी, अभिषेक, धीरज, अजरुद्दीन, ललित, साहिल, गोविन्द आदि का पूर्ण सहयोग रहा।