
चिकित्सा मंत्री के बयान पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने खोला मोर्चा, बोले, सरकार के मंत्री ही पार्टी को कर रहे कमजोर
Rajasthan congressसिरोही. सिरोही जिले के दौरे पर आए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादीलाल मीणा के निर्दलीय विधायक संयम लोढा की तारीफ करने को लेकर जिला कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। चिकित्सा मंत्री के बयान के बाद कांग्रेस के सिरोही के निवर्तमान जिला अध्यक्ष जीवाराम आर्य ने मंत्री के ही खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
चिकित्सा मंत्री के निर्दलीय वियायक संयम लोढा की तारीफ करने के मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष आर्य ने कहा कि सरकार के मंत्री और नेता ही पार्टी को कमजोर करने में लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि सिरोही दौरे पर आए चिकित्सा मंत्री ने एक बयान दिया कि निर्दलीय विधायक संयम लोढा का पिछले चुनाव में टिकट काटना सही नहीं था। मंत्री के इसी बयान ने कांग्रेस में कलह पैदा कर दी।
चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा के निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा की तारीफ करने पर जिलाध्यक्ष ने खोला मोर्चा
मंत्री के बयान पर पार्टी जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्ष में कई मर्तबा मंत्रियों ने पार्टी से बागी होकर चुनाव जीते निर्दलीय विधायक के तारीफों में कसीढ़े पढ़े हैं। यह न केवल सिरोही में, बल्कि उन सभी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अपमान है जहां पर पार्टी के बागी चुनाव लड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री व नेताओं द्वारा कांग्रेस के समर्पित व वफादार कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का सिलसिला लगातार चल रहा है।
सीएम से लेकर कई मंत्री कर चुके लोढा की तारीफ
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से लेकर सरकार के कई मंत्री सिरोही से निर्दलीय विधायक संयम लोढा की तारीफ कर चुके हैं। यह जिले के कांग्रेस संगठन को खटक रहा है। जिलाध्यक्ष आर्य ने यहां तक कहा कि प्रदेश के मंत्री जिस बागी की तारीफ कर हैं, वह व्यक्ति 2008 व 2013 के विधानसभा चुनावों में इसी सीट पर हार चुका है। बागी की तारीफ करने से पार्टी कमजोर हो रही है।
Published on:
10 Jun 2023 08:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
