14 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गणपति की श्रद्धा व आस्था में डूबा शिवगंज, डीजे की धुन पर थिरके शहरवासी

- गणपति मंदिर जीर्णोद्धार महोत्सव के दूसरे दिन शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली शोभायात्रा

2 min read
Google source verification
sheoganj

sirohi

शिवगंज. गणपति मंदिर के जीर्णोद्धार के पश्चात आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर शहरवासी आस्था और श्रद्धा में डूबे नजर आए। महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई शोभायात्रा में शहरवासियों का हुजूम उमड़ा। इससे पूर्व गुरुवार रात आजाद चौक में भजन संध्या में भजन कलाकारों ने एक साथ मंच सांझा कर स्वर लहरियां बिखेरी। वहीं महोत्सव के तहत केरलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में संत समागम और धर्म सभा का आयोजन किया गया। धर्म सभा में स्वामी रमेश गिरी कोपर गांव ने शिव की महिमा का बखान किया। उन्होंने कहा कि शिव से जुड़ी हर वस्तु पूजनीय है। स्वामी चेतनगिरी ने कहा कि दु:ख में इंसान को कभी विचलित नहीं होना चाहिए। दु:ख के बाद सुख अवश्य आता है। संत कृपाराम ने भी प्रवचन किए।

हर वर्ग की रही भागीदारी
कार्यक्रम में हर वर्ग के लोगों ने तन-मन-धन से सहयोग दिया। महोत्सव के दौरान होने वाले प्रत्येक आयोजन में हर समाज वर्ग अपना सहयोग प्रदान कर रहा है। यही वजह है कि गणपति मंदिर जीर्णोद्धार महोत्सव को लेकर निकाली गई शोभायात्रा ऐतिहासिक बन गई।

चार घंटे चलती रही शोभायात्रा
गणपति मंदिर से दोपहर तीन बजे रवाना हुई शोभायात्रा शाम सात बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुन: मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। हाथी, घोड़ों, रथ से सुसज्जित इस शोभायात्रा के दौरान वातावरण जयकारों से गुंजायमान रहा। वहीं मनोज रिया एंड पार्टी दिल्ली के कलाकारों की ओर से प्रस्तुत की गई देवी देवताओं के स्वांग रची झांकियां लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी। वहीं रणगर्जना ढोल ताशे और पंजाब के भटिंडा बैंड ने अपनी अलग छाप छोड़ी। शोभायात्रा में शामिल हुई शहर के विभिन्न महिला संगठनों से जुड़ी सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पूरी शोभायात्रा में भक्ति में लीन होकर नाचती हुई दिखाई दी। ढोल ताशों से गुंजायमान वातावरण के बीच गणपति बप्पा के जयकारें लगाते हुए श्रद्धालु शोभायात्रा की भव्यता को बढ़ा रहे थे। शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण गजानंद की चांदी की मूर्ति एवं चांदी का रथ रहा।

लोगों ने किया स्वागत
शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। वहीं सडक़ के किनारों पर खड़े लोगों ने मूर्ति के दर्शन कर धोक लगाई। इस शोभायात्रा में पूर्व विधायक संयम लोढा भी मौजूद रहे। रास्ते में जगह-जगह पर सामाजिक संगठनों ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के हलक तर करने के लिए शीतल जल एवं शरबत की व्यवस्था भी की थी।

कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्था
शोभायात्रा के दौरान गजानंद सनातन धर्म मंदिर सेवा समिति एवं गणेश मित्र मंडल के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न व्यवस्था संभाली। वहीं पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।

कलश व ध्वजा स्थापना आज
महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को सवेरे मंदिर शिखर पर कलश सहित दंड की स्थापना होगी। वहीं ध्वजा चढ़ाई जाएगी। इस मौके पर मंदिर पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी। दोपहार में फले चुंदडी के महाआयोजन के साथ ही महोत्सव का समापन होगा।