
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा सिरोही का डिग्गीनाड़ी व अखेलाव तालाब
सिरोही/शिवगंज. राज्य सरकार की ओर से प्रदेश में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले में दो-दो स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। सिरोही में भी दो स्थलों काे विकसित करने के लिए राशि स्वीकृत हुई है। मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा के प्रयासों से शिवगंज शहर की प्राचीन डिग्गीनाडी को पर्यटन स्थल में विकसित करने के लिए विभाग की ओर से दो करोड़ रूपए स्वीकृत करते हुए इसके लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इस कार्य के लिए राशि स्वीकृत होने के बाद अब शीघ्र ही यहां कार्य प्रारम्भ होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक वित्त हुलास राय पंवार ने जारी आदेश में बताया कि राज्य सरकार की ओर से बजट घोषणा के अनुरूप सिरोही जिले में दो स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। जिसमें सिरोही के अखेलाव तालाब पर विकास कार्य के लिए 1 करोड़ 36 लाख 31 हजार रूपए तथा शिवगंज के डिग्गीनाडी पर पर्यटन विकास के लिए 2 करोड़ 2 लाख 94 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है।
विभाग की ओर से जारी आदेश में डिग्गीनाडी के लिए जो राशि स्वीकृत की गई है उसमें भोजनशाला निर्माण के लिए 81 लाख 90 हजार रूपए, टॉयलेट एवं सेनेट्री कार्य के लिए 7 लाख 23 हजार 178 रूपए, तालाब के चारों तरफ रोशनी के लिए 40 लाख 95 हजार रूपए, बगीचा निर्माण के लिए 6 लाख 73 हजार 52 रूपए, पार्किग सुविधा के लिए 10 लाख 27 हजार 295 रूपए, पाथवे के लिए 46 लाख 49 हजार 391 रूपए तथा बैठने की व्यवस्था के लिए 9 लाख 36 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है।
शहर में प्राचीन डिग्गीनाडी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए विधायक संयम लोढा निरंतर प्रयासरत थे। उनके प्रयासों से शिवगंज सहित सिरोही में दो प्रमुख स्थानों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सरकार की ओर से स्वीकृति प्रदान करने से नागरिकों में हर्ष व्याप्त है।
Published on:
29 Nov 2022 02:42 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
