
छेड़खानी से परेशान होकर पुलिस के पास पहुंची छात्रा, लेकिन वहां हुआ कुछ ऐसा, लड़की ने उठा लिया ये कदम
सीतापुर. जनपद सीतापुर में छेड़खानी से तंग आकर एक नाबालिग छात्रा द्वारा आत्महत्या किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा ने घर के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। परिजनों ने पुलिस पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई न करने और सुलह के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस के मिशन शक्ति के दावों की पोल खुल गयी है। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कारगुजारी से परिजनों में काफी आक्रोश है।
छात्रा ने की आत्महत्या
घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र की है। यहां की 14 वर्षीय एक छात्रा एक निजी स्कूल की कक्षा 9 की छात्रा थी। छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक बीती 17 मार्च को छात्रा स्कूटी से स्कूल से वापस आ रही थी तो इसी दौरान गांव के ही निवासी विशेष समुदाय के एक युवक ने किशोरी से छेड़खानी की। पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती बताई और मामले की शिकायत पुलिस से की। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के बाद जांच पड़ताल की लेकिन कार्रवाई और मुकदमा लिखने के बजाय पुलिस पीड़िता और उसके परिवार को थाने बुलाकर दबाव बनाने लगी।
पुलिस पर लगे आरोप
पुलिस की इस कार्यशैली से शोहदे की हिम्मत और बुलंद हो गयी और इसी के चलते छात्रा ने देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिवार के आरोप निराधार हैं और घटना के बाद अब केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं पुलिस के आलाधिकारियों का कहना है कि परिवार के आरोपो की भी जांच पड़ताल की जा रही है।
Published on:
22 Mar 2021 08:07 am

बड़ी खबरें
View Allसीतापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
