कोटा. आंवली क्षेत्र में संत कबीर आश्रम में आदर्श मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की ओर से सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन हुआ। गणमान्य लोगों की मौजूदगी में समाज के 15 जोडे परिणय बंधन में बंधे। तुलसी- शालिगराम के विवाह का आयोजन किया। समाज के लोगों ने नए जोड़ों को आशीर्वाद व उपहार भेंट किए।
सुबह से ही आयोजन स्थल पर मांगलिक आयोजनों की रौनक नजर आई। दूल्हा- दुल्हन परिवार व मेहमान सुबह ही आयोजन स्थल पहुंचे। इसके साथ ही आयोजनों की शुरुआत हुई। फेरे तक विभिन्न रस्मों का निर्वाह होता रहा। गणपति स्थापना के साथ कार्यक्रम शुरू हुए। शुभ मुहूर्त में दूल्हा- दुल्हन ने फेरे लिए। मंत्र गूंजे और जीवन भर के लिए सुख-दु:ख के साथी बन गए। प्रारंभ में तुलसी विवाह हुआ। पूरा क्षेत्र ठाकुरजी के जयकारों से गूंज उठा। संस्था महामंत्री अशोक सोनी, मानकचन्द सोनी, भामाशाह घनश्याम सोनी, पंडित महेंद्र गौतम, नामदेव समाज के रामस्वरूप अजमेरा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कलश व निकासी निकाली
आयोजन के तहत प्रारंभ मेेें प्रमुख मार्गाें से होते हुए कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। दोपहर में बैंडबाजों से निकासी निकाली। जिसमें बाराती व घराती नजर आए। युवा व बच्चों ने शादी के गीतों पर जमकर नृत्य किया। निकासी के आयोजन स्थल पर आगमन पर तोरण की रस्म अदा की।
दिए आवश्यक उपहार
अध्यक्ष डॉ राजकुमार सोनी ने बताया कि जोड़ों को घर-गृहस्थी के सभी आवश्यक सामान उपहार स्वरूप भेंट किए गए। वर- वधू को कपड़े, पलंग, आलमारी, आवश्यक बर्तन, गैस चूल्हा व गहने व अन्य उपहार में दिए। कई लोगों ने व्यक्तिगत तौर पर भी उपहार भेंट किए। सम्मेलन में कोटा के अलावा झालावाड, बूंदी, भीलवाड़ा, चित्तौड़, मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों से जोड़े व समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।