CM pali visit : विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न समाजों का समर्थन जुटाने की कवायद भी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पाली कैंप के दौरान विभिन्न संगठनों के साथ-साथ पटेल समाज को भी साधने की कोशिश की। टिकट की मांग करने आए पटेल समाज के प्रतिनिधिमंडल से वादा किया कि अगली सरकार दोबारा बनीं तो पटेल समाज के व्यक्ति को पद देकर नवाजेंगे। उन्होंने कहा कि टिकट मिल जाए तो बड़ी बात, लेकिन यदि कोई परििस्थति में न मिले तो भी कांग्रेस के साथ जुड़े रहें। उन्होंने पटेल समाज के प्रतिनिधिमंडल से आत्मीयता से मुलाकात की। कहा, मुझे पांच बार लोकसभा में भेजने में पटेल समाज का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने यह नसीहत भी दी कि किसी एक जाति के भरोसे चुनाव नहीं जीता जा सकता। इसलिए सभी कौमों का साथ जरूरी है। उन्होंने कहा, टिकट मिलना आसान है तो मुश्किल भी। उन्होंने इशाराें में यह भी कहा कि पटेल समाज पहले कोई एक नाम तो तय कर लें। प्रतिनिधिमण्डल में प्रोफेसर डॉ खरताराम पटेल, अमराराम पटेल, उपप्रधान कानाराम पटेल, रोहट सरपंच भरत पटेल, पूर्व जिला परिषद सदस्य अमराराम पटेल, हेमाराम पटेल व नारायण पटेल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।