5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रोजगार कार्यालय का दरवाजा बन्द

14 दिसम्बर 2019 तक के वेरिफाइड आवेदन पत्रों को स्वीकृती

2 min read
Google source verification
Employment office door closed in bhilwara

Employment office door closed in bhilwara

भीलवाड़ा
दोपहर सवा तीन बजे। सुभाषनगर स्थित रोजगार कार्यालय का मुख्य द्वार बन्द। लोहे के गेट पर नोटिस चस्पा था। इस पर लिखा था कि कार्यालय में किसी भी प्रकार के प्रकरण के लिए खिड़की में सम्पर्क करे। खिड़की पर देखा तो एक और नोटिस चस्पा था। इस पर लिखा था, जिला रोजगार कार्यालय में मुख्यमंत्री युवा संबल योजना (बेरोजगार भत्ता) के तहत १४ दिसम्बर २०१९ तक के वेरिफाइड आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर दिया गया है। आगामी दिनांक के आवेदन लम्बित हैं। निर्धारत प्रक्रिया के पश्चात सीलिंग के आवेदन स्वीकृत किए जाएंगे। खिड़की पर एक भी युवा नजर नहीं आया।
पत्रिका टीम ने मुख्य द्वार खोलकर खिड़की वाले कक्ष में देखा तो एक युवती काम कर रही थी। एक कर्मचारी उससे कुछ जानकारी ले रहा था। एक अन्य कमरे में बाबू बैठा हुआ कंप्यूटर पर कुछ देख रहा था। अन्य कक्ष में जिला रोजगार अधिकारी बैठे मिले। उनसे युवाओं के बेरोजगारी भत्ते की जानकारी ली गई तो बताया कि यहां प्रतिदिन सुबह २० से २५ जने अपने आवेदन की जानकारी लेने या राशि खाते में आने की जानकारी लेने आते हैं। आवेदन ऑनलाइन लिए जा रहे हैं।
भत्ते की आस में बेरोजगारों के बढ़ते पंजीकरण
सूत्रों का कहना है कि बेरोजगारों की बड़ी फौज रोजगार के लिए कतार में लगी हुई है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में बेरोजगारों को साढ़े तीन हजार रुपए महीने का बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। रोजगार कार्यालय में पहले बेरोजगार अपना पंजीकरण कराते ही नहीं थे। लेकिन अब भत्ते की राशि बढऩे के साथ उनकी संख्या भी बढ़ गई है।
रोजगार कार्यालय कुछ सालों से रोजगार मेले आयोजित कर निजी कंपनियों में श्रमिक मुहैया कराने के केंद्र बन गए थे। लेकिन बेरोजगारी भत्ता का वादा युवाओं को खासा आकर्षित कर रहा है और इसके चलते ही नियोजन कार्यालयों में बेरोजगारों के पंजीकरण की संख्या में वृद्धि हुई है। सरकार ने अब इसके लिए भी एक तय लिमिट कर दी है। १.६० लाख युवा बेरोजगारी भत्ता की कतार में आते ही अन्य के आवेदन तक को रोकना शुरू कर दिया है। इसके चलते प्रदेश में १४ दिसम्बर के बाद नए आवेदनों को स्वीकृत ही नहीं किए जा रहे है। हालांकि बेरोजगारों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। पुरुष आशार्थियों को 3 हजार तथा दिव्यांग एवं महिला आशार्थियों को 3500 रुपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दो वर्ष अथवा पात्र रहने तक दिया जाएगा।
९०० आवेदन लम्बित
जिले के १६६७ युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है। दिसम्बर के बाद से लगभग ९०० आवेदन लम्बित हैं। दो हजार बेरोजगारों के नाम विभिन्न कम्पनियों के पास भेजे गए हैं। कम्पनियां ऑनलाइन साक्षात्कार ले रहे हैं। प्रतिदिन दो दर्जन से अधिक युवा कार्यालय आते हैं। कोरोना के कारण खिड़की से ही समस्या का समाधान करते हैं।
मुकेश गुर्जर, जिला रोजगार अधिकारी, भीलवाड़ा