25 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ग्राउंड रिपोर्ट: राजस्थान में नाता प्रथा से टूटे नाते…मां ने बसाया नया घर, बच्चों का उड़ गया संसार

Patrika Ground Reort: दक्षिण राजस्थान में नाता प्रथा के कारण सैकड़ों मासूम बच्चों का भविष्य दांव पर लग गया है। मां के नाते जाने के बाद बेसहारा हुए बच्चों की दर्दभरी दास्तां और ग्राउंड रिपोर्ट पढ़ें।
2 min read
Google source verification

बांसवाड़ा

image

Harshita Saini

image

जितेंद्र पालीवाल

Aug 25, 2026

nata pratha

Ai Generated Image

बांसवाड़ा. दक्षिण राजस्थान के जनजाति बहुल और पिछड़े इलाकों में गहराई तक पैठी नाता प्रथा का सबसे स्याह पक्ष मासूम बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रहा है। पति से अनबन, आर्थिक तंगी, बीमारी, विकलांगता या पति की मौत के बाद महिलाएं नया घर बसाने के लिए नाता कर लेती हैं। लेकिन नया पति और उसका परिवार पहले पति से जन्मे बच्चों की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं होता। ऐसे में मां के जाते ही बच्चे बेबस और बेसहारा हो जाते हैं।

एक अनुमान के मुताबिक बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और उदयपुर के कुछ पिछड़े इलाकों में पिछले एक दशक में 10 हजार से अधिक नाते हुए हैं। इनमें हजारों बच्चों का घर-बार और पारिवारिक सहारा छूट गया। कोई दादा-दादी के भरोसे है तो कहीं बड़ा भाई या बहन छोटी उम्र में ही मां-बाप की भूमिका निभा रहा है।

ये इलाके सर्वाधिक प्रभावित

डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिले के जनजाति बहुल और पिछड़े क्षेत्र।

केस स्टडीज

केस-01: गढ़ी क्षेत्र के 13 वर्षीय अनिल (परिवर्तित नाम) ने खुद चाइल्ड लाइन से मदद मांगी। मां नाते चली गई, पिता और सौतेली मां से प्रताड़ना का आरोप है। चार छोटे भाई-बहनों के बीच वह पढ़ाई जारी रखना चाहता है।

केस-02: घाटोल क्षेत्र में पति की मौत के बाद महिला तीन बच्चों को छोड़ नाते चली गई। 14 वर्षीय बड़ी बेटी और उसके भाई-बहनों को बुजुर्ग दादा-दादी पाल रहे हैं।

केस-03: पेड़ से गिरकर पिता के स्थायी रूप से दिव्यांग होने के बाद पत्नी चार बच्चों को छोड़ चली गई। 13-14 वर्षीय दो बच्चे गुजरात में काम कर रहे हैं।

केस-04: गांगड़तलाई की 17 वर्षीय किशोरी पिता की मौत के बाद तीन छोटे भाई-बहनों को पाल रही है। मां नाते चली गई। दो भाई मामा के घर हैं, छोटी बहन चाचा के घर काम करती है।

नाताप्रथा का काला सच

नया परिवार अक्सर महिला के पहले पति से जन्मे बच्चों को स्वीकार नहीं करता। कई मामलों में दूधमुंहे बच्चों तक को रिश्तेदारों के भरोसे छोड़ना पड़ता है। बच्चे पढ़ाई छोड़कर मजदूरी, पशु चराने और घरेलू काम करने को मजबूर हो रहे हैं। बालगृहों में ऐसे करीब 250 बच्चे हैं, लेकिन 90 फीसदी वहां तक पहुंच ही नहीं पाते।

मदद के लिए जागरूकता जरूरी...

"ऐसे बच्चों को सरकारी मदद और योजनाओं से जोड़ा जा सकता है, लेकिन ज्यादातर बच्चों और परिवारों को इसका रास्ता ही पता नहीं होता। जानकारी और प्रक्रिया की अड़चन के कारण बहुत कम तक सरकारी मदद पहुंचती है।" — कमलेश बुनकर, समन्वयक, चाइल्ड हेल्प लाइन-109


"परिवारों में टूटन का सबसे बुरा असर बच्चों पर पड़ता है। वे शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियां झेलते हैं। इस प्रथा की सामाजिक स्वीकार्यता ही सबसे बड़ी समस्या है। जागरुकता और शिक्षा के जरिए समाधान तलाशना होगा।" — डॉ. गायत्री तिवारी, एमेरिटस प्रोफेसर, मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग, एमपीयूएटी, उदयपुर