Bisalpur Dam Water Level Today : सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पिछले तीन दिनों से इलाके में बारिश नहीं हुई, फिर भी बांध का जलस्तर 312.56 आरएल मीटर पर अडिग बना हुआ है। आखिर ऐसा कैसे हो रहा है?
Monsoon Update : जयपुर। राजस्थान में मानसून ने जैसे ही कुछ दिन का विराम लिया, वैसे ही कई लोगों की नजर बीसलपुर बांध पर टिक गई — क्योंकि ये वही जलस्रोत है जो जयपुर, अजमेर और टोंक की प्यास बुझाता है। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पिछले तीन दिनों से इलाके में बारिश नहीं हुई, फिर भी बांध का जलस्तर 312.56 आरएल मीटर पर अडिग बना हुआ है। आखिर ऐसा कैसे हो रहा है?
16 जून को जलस्तर था 312.45 मीटर। इसके बाद लगातार बारिश ने जलस्तर को 27 जून तक 312.57 मीटर तक पहुँचा दिया। पर जैसे ही बारिश थमी, जलस्तर एक सेंटीमीटर घट गया। 28 जून को यह घटकर 312.56 आरएल मीटर हो गया। जो 29 व 30 जून को यही बना हुआ है। यानी पिछले तीन दिन से बांध का जलस्तर यथावत है। हैरानी की बात यह कि पेयजल आपूर्ति के लिए रोजाना एक सेंटीमीटर पानी निकाला जा रहा है, फिर भी जलस्तर जस का तस है।
पिछले दिनों टोंक व भीलवाड़ा सहित आस-पास के क्षेत्रों में हुई तेज बारिश के कारण त्रिवेणी नदी बहने लगी। पिछले एक सप्ताह से लगातार त्रिवेणी नदी में पानी आ रहा है। गत 24 जून को त्रिवेणी का गेज 2.40 मीटर था, जो पिछले एक सप्ताह से कभी 2 मीटर तो कभी 1.90 मीटर तक बना हुआ है। यानी त्रिवेणी का नियमित बहना बीसलपुर बांध के लिए संजीवनी साबित हो रहा है। नदी का पानी रोजाना बांध में आ रहा है। यही कारण है कि नियमित सप्लाई के बाद भी बांध के गेज पिछले तीन दिन से यथावत बना हुआ है।
| दिनांक | जलस्तर (आरएल मीटर में) |
|---|---|
| 16 जून | 312.45 |
| 21 जून | 312.47 |
| 24 जून | 312.50 |
| 25 जून | 312.52 |
| 26 जून | 312.55 |
| 27 जून | 312.57 |
| 28 जून | 312.56 |
| 30 जून | 312.56 |
| कुल भराव क्षमता | 315.50 |
मौसम विभाग ने 2 जुलाई से मानसून की दोबारा सक्रियता की पुष्टि की है। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना है, जिससे बीसलपुर की आवक फिर से रफ्तार पकड़ेगी। जयपुर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर और आसपास के जिलों में 2 से 6 जुलाई के बीच भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी है।