
सालासर.चूरू. चैत्र पूर्णिमा और हनुमान जन्मोत्सव का दिन, आसमान में छाए बादलों से झांकते सूर्यदेव, सालासर सिद्धपीठ धाम में उमड़ते श्रद्धालु, गूंजती हनुमान चालीसा की चौपाइयां और ली गई ज्यौत की महक... कुछ ऐसा ही वातावरण रहा गुरुवार को देशभर से आए श्रद्धालुओं ने हनुमान का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया। सालासर मंदिर के पट रात दो बजे बाबा के दर्शन के लिए पट खोल दिए और देशभर से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर धोक देकर मनौतियाें का नारियल बांधा।
श्रद्धालुओं की लगी कतारें
सालासर धाम (Salasar Dham) में पूर्णिमा पर लगने वाले मेले में लोगों की भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला रात से शुरू हो गया। देखते ही देखते सुबह मेला मैदान से मंदिर की ओर बनाई गई रेलिंग में श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई। बादलों की आवाजाही से गर्मी का असर कम रहने से श्रद्धालुओं को जहां राहत मिली वहीं मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं में बाबा के दर्शन करने की ताकीद भी रही।
अलग अलग टोलियों में आए श्रद्धालु
हनुमान जन्मोत्सव (Hanuman birth anniversary) पर धोक देने सालासर श्रद्धालुओं की अलग अलग टोलिया आई, जिससे श्रद्धालुओं को कतार से होकर मंदिर के गर्भ गृह में विराजमान बाबा के दर्शन करने में दिक्कत नहीं आई। क्रमबद्ध होकर दर्शन करते श्रद्धालुओं में जब किसी एक श्रद्धालु ने हनुमान चालीसा शुरू किया तो कतार में खड़े भक्तों ने पाठ को सामूहिक स्वर दिए। जिससे भक्तों को मंदिर तक पहुंचने में कितना समय लगा का भान भी नहीं हुआ।
सिंदूरी रंग में रंगा सालासर
हाथ में ध्वजा, सिंदूरी रंग का दुपट्टा धारण किए श्रद्धालुओं के हजूम उमड़ा तो सालासर सिंदूरी रंग में रंगा नजर आया। राम भक्त हनुमान का जयघोष करते पहुंचे श्रद्धालु नर नारियों में बालक बालिकाए भी बाबा के दर्शन करने में पीछे नहीं रहे। जय घोष और कीर्तन की धुन पर थिरकते युवाओं के दल तथा हाथों में ध्वजा लिए मंदिर की ओर बढ़ती बालिकाओं और मातृशक्ति ने ज्योंही अपने इष्ट बालाजी महाराज की एक झलक पाई तो उनके चेहरे खुशी से चमक उठे।
समाधि के लगाई परिक्रमा
सालासर आए श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन के बाद मंदिर परिसर में किसी ने समूह के साथ तो किसी ने अकेले ही बैठक बाबा को हनुमान चालीसा सुनाया। कोई सुंदरकांड का पाठ कर रहा था तो कोई बालाजी को मंत्र सुनाते दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने भक्त मोहनदास के धूणे पर परिक्रमा लगाई और बाबा से फिर बुलाने की आशा के साथ प्रसाद बांटा।
लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
हनुमान सेवा समिति अध्यक्ष सत्यप्रकाश पुजारी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव पर लक्खी मेले (Lakhi Fair) के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बुधवार रात दो बजे मंदिर के पट खोल दिए गए थे। गुरुवार को रात 9 बजे तक करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दर्शन किए। मेले की व्यवस्था को लेकर मेला आयोजन समिति, हनुमान सेवा समिति, जिला प्रशासन, पुजारी परिवार और ग्रामीणों ने सहयोग किया। बालाजी महाराज की महा आरती कर राजभोज का प्रसाद लगाया गया। दूर दराज से आए हुए कई श्रद्धालुओं ने केक का प्रसाद लगाकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया।
Published on:
03 Apr 2026 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
