
वर्ल्डकप 2026 के लिए भारत ने भी किया क्वालीफाई (फोटो- IANS)
भारतीय टीम ने राजगीर में खेले एशिया कप हॉकी के फाइनल में कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब जीत लिया। भारत ने चौथी बार खिताब जीता है। भारतीय टीम के लिए दिलप्रीत सिंह ने दो जबकि सुखजीत सिंह और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल किया। भारतीय टीम की जीत पर हॉकी इंडिया ने टीम के सभी खिलाड़ियों के लिए 3-3 लाख जबकि सहयोगी स्टाफ के लिए 1.5-1.5 लाख की घोषणा की है। जीत के बाद भारतीय टीम कैंप में जश्न का माहौल है। देश भर से बधाइयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को बधाई दी है। टीम इंडिया ने वर्ल्डकप 2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, "हमारा लक्ष्य एशिया कप जीतकर हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई करना था और हमने उसे हासिल कर लिया है। हालांकि हम पहले इस टूर्नामेंट के बारे में सोच रहे थे। मुझे टीम को लड़कों पर गर्व है।" कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, हम एशिया कप में जीत और विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने का लक्ष्य लेकर ही उतरे थे। शुरुआती मैचों में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन हमने वापस की। अहम मैचों में हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा और हम और बेहतर की कोशिश करते रहे।
हार्दिक सिंह ने कहा, हम एशिया में अपना दबदबा बनाने और विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने के इरादे से उतरे थे। हमने तैयारी अच्छी की थी और जीत का भरोसा था। हमारी टीम बेहद संतुलित है। एशिया कप में हमने दबदबा बनाया है। जीत की बेहद खुशी है। शिलानंद लाकड़ा और रजिंदर सिंह ने एशिया कप में जीत हासिल करने पर खुशी जताई। दोनों खिलाड़ियों का कहना था कि भारतीय टीम का अगला लक्ष्य हॉकी विश्व कप में मेडल जीतना है।
बेल्जियम और नीदरलैंड्स ने मेजबान होने के नाते वर्ल्डकप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है तो एफआईएच प्रो लीग 2023-24 जीतकर ऑस्ट्रेलिया और एफआईएच प्रो लीग 2024-25 जीतकर स्पेन ने क्वालिफिकेशन हासिल कर ली। अर्जेंटीना ने पैन अमेरिका कप जीतकर क्वालीफाई किया तो यूरो हॉकी कप जीतकर जर्मनी ने वर्ल्डकप का टिकट हासिल किया। एशिया कप भारत ने जीता तो ओशिनिया कप में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बावजूद न्यूजीलैंड को वर्ल्डकप का टिकट मिल गया। इस तरह अब तक 8 टीमों ने क्वालिफिकेशन हासिल कर ली है। अब 1 टीम अफ्रिका नेशन कप से क्वालीफाई करेगी तो 7 टीमों को वर्ल्डकप क्वालीफायर्स के जरिए टिकट हासिल करने का मौका मिलेगा।
Published on:
08 Sept 2025 02:58 pm
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
