
RR vs SRH Eliminator IPL 2026 (Image: IPL/X)
RR vs SRH Eliminator IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स (RR) ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली। अब 29 मई को राजस्थान का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 31 मई को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी।
महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 48 गेंदों में 125 रन जोड़े।
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 12 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। हालांकि वह शतक से सिर्फ तीन रन दूर रह गए।
यशस्वी जायसवाल ने 29 रन का योगदान दिया। राजस्थान ने 137 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद कप्तान रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन बनाए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी हुई। ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि रियान पराग ने अहम योगदान दिया।
डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा ने भी 12-12 रन जोड़कर टीम को 243 रन तक पहुंचाने में मदद की।
SRH की ओर से प्रफुल हिंगे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं ईशान किशन, शिवांग कुमार और नितीश रेड्डी को 1-1 विकेट मिला।
244 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दूसरी ही गेंद पर अभिषेक शर्मा का विकेट गंवा दिया।
इसके बाद ईशान किशन और ट्रेविस हेड ने तेजी से रन बनाते हुए 15 गेंदों में 51 रन जोड़ दिए, लेकिन ईशान किशन के 33 रन पर आउट होते ही हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई।
आलम यह रहा कि SRH ने महज 6.5 ओवर में 81 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सलिल अरोड़ा और नितीश रेड्डी ने कुछ संघर्ष जरूर किया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े।
नितीश रेड्डी ने 38 रन बनाए, जबकि सलिल अरोड़ा ने 35 रन की पारी खेली। शिवांग कुमार ने भी 27 रन जोड़े, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि यश राज को 1 सफलता मिली।
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें कायम रखीं और अब उसकी नजरें क्वालीफायर-2 पर टिकी हैं।
Published on:
28 May 2026 12:23 am
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
